रामपुर : दहेज में दो लाख और बाइक नहीं मिलने पर युवक पक्ष ने तोड़ा रिश्ता, कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने केमरी थाने में जाकर दी तहरीर, कई बार युवक पक्ष के लोग आकर उसका करा गए खर्चा
रामपुर/केमरी/अमृत विचार। दहेज में दो लाख रुपये नकद ,बाइक और अन्य सामान नहीं मिलने पर युवक पक्ष के लोगों ने युवती पक्ष के लोगों से रिश्ता तोड़ दिया। जानकारी मिलने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। पीड़ित ने केमरी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
स्वार थाना क्षेत्र के गांव गद्दीनगला निवासी भीष्म सिंह का कहना है कि उसने अपनी बेटी नीरज की शादी केमरी थाना क्षेत्र के गांव गंगापुर मडियों का मोहल्ला निवासी एक युवक से पांच माह पूर्व तय किया था। उसके बाद लड़के पक्ष के करीब 25 लोग युवती पक्ष के घर पर आ गए थे। जिसमें सभी को 400-400 रुपये और एक-एक जोड़ी कपड़े दिए गए। इस दौरान खाने का खर्चा करीब 15 हजार रुपये का हुआ था। उसके बाद युवती पक्ष के लोग लड़के को अपनाने के लिए गए तो उस समय भी युवती के पिता ने करीब 20 हजार रुपये नकद एक सोने की अगूंठी 8500 रुपये की दी थी।
कुछ दिनों के बाद युवक पक्ष के लोग फिर युवती पक्ष के घर पहुंच गए। जहां सभी को 200-200 रुपये दिए।उस समय भी ग्रामीण के करीब चार हजार रुपये खर्च हो गए थे। इस तरह से युवती पक्ष के युवक पक्ष के आने जाने में खर्चा करने के दौरान करीब 75 हजार रुपये खर्च हो गए थे,जब पीड़ित ने युवक पक्ष से शादी के लिए कहा तो व लोग टाल-मटोल करने लगे। काफी कहने पर युवक पक्ष के लोगों ने शादी में दो लाख रुपये एक बाइक सोने के जेवर और अन्य सामान देने की बात कही। नहीं देने पर युवक पक्ष के लोगों ने रिश्ता तोड़ दिया। यह सुनकर ग्रामीण के होश उड़ गए। उसने थाने में जाकर तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
युवती पक्ष के लोगों के उड़ गए होश
कई बार युवक पक्ष के लोग जब युवती पक्ष के घर पर जाते रहे, तो उनको पूरी उम्मीद हो गई थी कि अब उनकी बेटी के हाथ पीले हो जाएंगे। इसी खुशी में वह युवक पक्ष के आने पर उनकी खूब आवभगत करते रहे। लेकिन जब शादी तय करने की बात आई,तो युवक पक्ष के लोग मुकर गए। यह सुनकर युवती पक्ष के लोग दहशत में आ गए। अब तरह की बातें हो रही है।
ये भी पढ़ें : रामपुर : पुलिस ने किया ग्रामीण की हत्या का खुलासा, मृतक की पत्नी समेत पांच लोग गिरफ्तार
