लखीमपुर- खीरी: हत्या से रघुनाथ पुरवा में तनाव, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापामारी
लखीमपु- खीरी, अमृत विचार। प्रधान के भाई की हत्या के बाद से सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव रघुनाथ पुरवा में दूसरे दिन भी तनाव के कारण भारी पुलिस बल तैनात है। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी हालातों पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर ने गांव पहुंचकर हालातो की जानकारी ली। उन्होंने परिवार वालों से मिलकर घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कारवाई का आश्वासन दिया।
ग्राम पंचायत हसनापुर मजरा रघुनाथ पुरवा निवासी सुनीता ग्राम प्रधान हैं। उनका सहन की जमीन को लेकर परिवार के ही लोगों से विवाद चल रहा है। 20 दिसंबर को भी दोनों पक्ष आमने सामने आ गए थे और जमकर विवाद हुआ था। इसके बाद से ही प्रधान सुनीता का भाई विवेक (21) गायब हो गया था। शुक्रवार को उसका शव एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। शव मिलने के बाद लोगों में भारी आक्रोश पनप गया था।
परिजनों ने दूसरे पक्ष पर हत्या का आरोप लगाए थे और पुलिस को तहरीर दी थी। पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिया था। गांव में हालात तनाव पूर्ण देखते हुए शव बरामद होने के बाद से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पोस्टमार्टम के बाद पहुंचे शव का अगले दिन परिवार वालों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था और घर में शव रखकर धरने पर बैठ गए थे।
पूरे दिन पुलिस परिजनों को समझाती रही, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी और मकान तोड़ने की मांग पर अड़े रहे। शाम करीब चार बजे जब आरोपियों के दो ट्रैक्टर ट्राली अपने कब्जे में ले और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया था।
गांव के हालात तनाव पूर्ण होने के कारण दूसरे दिन एहितयातन गांव में पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी भी गांव के हालात पर नजर बनाए रहे। प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह ने गांव जाकर हालात परखे।
पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। नामजद आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर छापा मार रही है, लेकिन अभी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आए हैं।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। तनाव जैसी कोई बात नहीं है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।- चंद्रशेखर सिंह प्रभारी निरीक्षक सदर
ये भी पढ़ें - पीलीभीत-बस्ती हाईवेः नवनिर्मित तीन फ्लाईओवर पर कल से चालू हो जाएगा वाहनों का सफर
