गोंडा: विद्याज्ञान स्कूल की परीक्षा में 44 बच्चों को मिली सफलता, 1736 छात्रों ने किया प्रतिभाग
24 छात्र व 20 छात्राओं ने पास की प्रारंभिक
गोंडा, अमृत विचार। विद्याज्ञान स्कूल की परीक्षा में जिले के परिषदीय स्कूलों के 44 छात्र छात्राओं ने सफलता हासिल की है। यह परीक्षा इसी 3 दिसंबर को आयोजित की गयी थी। परीक्षा में कुल 1736 छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले बच्चे अब आगामी 17 फरवरी को मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।
गरीब परिवार के बच्चों को इंटरमीडिएट तक की निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिव नाडर फाउंडेशन की तरफ से विद्याज्ञान स्कूल का संचालन किया जा रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ यह विद्यालय बच्चों को आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराता है इस विद्यालय में प्रवेश के लिए तीन चरण की परीक्षा ली जाती है।
पिछले 3 दिसंबर को प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया था। जिले के राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा में 895 छात्र व 841 छात्राओं समेत कुल 1736 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। रविवार को इस प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया।
परीक्षा में 24 छात्र 20 छात्राओं समेत 44 बच्चों ने सफलता हासिल की है। जिला समन्वय प्रशिक्षण हरि गोविंद यादव ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले बच्चों की मुख्य परीक्षा आगामी 17 फरवरी को आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा में सफलता के बाद बच्चों की स्क्रीनिंग होगी और फिर जांच पड़ताल के बाद उन्हें नए सत्र में छठवीं कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव ने बच्चों की सफलता पर उन्हें बधाई दी है।
यह भी पढ़ें;-बहराइच: ...अपनों की तलाश में पथराई परिजनों आंखें, चार माह से गायब हैं तीन लोग, मुकदमा दर्ज कर शांत हुई पुलिस
