पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, कोविंद, मोदी ने जताया शोक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। पूर्व रक्षा मंत्री जसवंत सिंह का रविवार सुबह निधन हो गया। यहां सेना अस्पताल ‘रिसर्च एंड रेफरल’ (आर एंड आर) ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। वह 82 वर्ष के थे। बयान में कहा गया, “मेजर जसवंत सिंह (सेवानिवृत्त), पूर्व कैबिनेट मंत्री का आज सुबह 6.55 पर निधन हो गया। उन्हें …

नई दिल्ली। पूर्व रक्षा मंत्री जसवंत सिंह का रविवार सुबह निधन हो गया। यहां सेना अस्पताल ‘रिसर्च एंड रेफरल’ (आर एंड आर) ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। वह 82 वर्ष के थे।

बयान में कहा गया, “मेजर जसवंत सिंह (सेवानिवृत्त), पूर्व कैबिनेट मंत्री का आज सुबह 6.55 पर निधन हो गया। उन्हें 25 जून को भर्ती कराया गया था और मल्टीऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम के साथ सेप्सिस का इलाज चल रहा था। आज सुबह उन्हें कार्डिएक अरेस्ट (दिल का दौरा) हुआ। जांच में वह कोरोना नेगेटिव निकले थे।”

जसवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी सहयोगी थे, उन्होंने दिवंगत प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान महत्वपूर्ण विभागों को संभाला था और अपने समय के एक कद्दावर नेता थे। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कोविंद ने रविवार को ट्वीट करके कहा, ” वयोवृद्ध सैनिक, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण नेता एवं बुद्धिजीवी श्री जसवंत सिंह का निधन दुखद है। उन्होंने कई कठिन भूमिकाओं का निर्वहन सहजता और समानता के साथ किया।” उन्होंने कहा, “उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

मोदी ने कहा कि जसवंत सिंह ने बड़ी मेहनत से देश की सेवा की – पहले एक सिपाही की तरह और फिर भाजपा के एक कर्मठ नेता की तरह। अटलजी की सरकार में उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां निभाई। मोदी ने कहा, जसवंत सिंह जी को राजनीति और समाज के मामलों पर उनके अनूठे दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने भाजपा को मजबूत बनाने में भी योगदान दिया। मैं हमेशा उनके साथ हुई बातचीत को याद रखूंगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जसवंत सिंह के निधन पर दुख जताया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, “भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री, श्री जसवंत सिंहजी के निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने रक्षा मंत्री के प्रभार सहित कई तरह से देश की सेवा की। उन्होंने खुद को एक प्रभावी मंत्री और सांसद के रूप में प्रतिष्ठित किया।” उन्होंने आगे कहा, ” जसवंत सिंहजी को उनकी बौद्धिक क्षमताओं और राष्ट्र की सेवा में शानदार रिकॉर्ड के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने राजस्थान में भाजपा को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कहा, “श्रद्धेय अटल जी की सरकार में मंत्री रहे जसवंत सिंह जी के निधन का समाचार दुःखद है। सरकार में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने जन-जन के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने में अपना प्रत्येक क्षण समर्पित कर दिया।” उन्होंने कहा,” जसवंत सिंह जी का जाना संगठन, समाज तथा देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी अपार संवेदनाएं। ॐ शांति।”

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिजनों को इस आघात को सहने की क्षमता प्रदान करें।”

संबंधित समाचार