कानपुर: लापता युवक का हाथ-पैर बांधकर की हत्या, शव फेंका
बिल्हौर (कानपुर) अमृत विचार। आठ दिन पहले एक सड़क हादसे के बाद लापता हुए युवक की हाथ-पैर बांधकर हत्या करने के बाद शव उन्नाव की गंगा कटरी में फेंक दिया गया। क्षत-विछत शव शनिवार देर रात उन्नाव की गंगा कटरी में बरामद हुआ तो सुबह परिजन भड़क गए।
पोस्टमार्टम के बाद शव बिल्हौर ले जाकर परिवार वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर थाने के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग करने लगे। दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद लोग सड़क से हटने को तैयार हुए।
कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के तिश्ती गांव निवासी रामनारायण का पुत्र आशुतोष सैनी (28) 16 दिसंबर को बाइक से बलराम नगर बिल्हौर अपनी मौसी के यहां आ रहा था। बिल्हौर-ककवन रोड पर खजुरी गांव के बाइक से टकराकर मोटू की पुत्री प्रियांशी मामूली रूप से घायल हो गई थी।
लोगों ने आशुतोष को पकड़ लिया था और प्रियांशी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आशुतोष इलाज का खर्च उठा रहा था। इसके बाद आशुतोष गायब हो गया। परिवार वालों ने 18 दिसंबर को बिल्हौर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इधर, शनिवार देर रात बांगरमऊ थाना क्षेत्र की गंगा कटरी में युवक का कंकाल मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जूते और कपड़ों से उसकी पहचान की। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले शव लेकर बिल्हौर पहुंचे और थाने के सामने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। एसीपी अजय त्रिवेदी के कार्रवाई के आश्वासन देने के बाद जाम खुल गया। एसीपी के मुताबकि आशुतोष के भाई अभिलाष की तहरीर पर खजुरी गांव निवासी मोटू और विकास के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: थाने पहुंचा दियरा राज परिवार में कब्जेदारी का विवाद, एक दूसरे पर लगाया मारपीट का आरोप
