मुरादाबाद: पत्नी के झगड़ों से तंग युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, खुदकुशी का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। दूसरी पत्नी के साथ आए दिन होने वाले झगड़ों से तंग युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और खुदकुशी का प्रयास करने लगा। वह दूसरी पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहा था। अफसरों ने जब उसे समझाने का प्रयास किया तो वह अफसरों पर ही भड़क गया। करीब …

मुरादाबाद,अमृत विचार। दूसरी पत्नी के साथ आए दिन होने वाले झगड़ों से तंग युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और खुदकुशी का प्रयास करने लगा। वह दूसरी पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहा था। अफसरों ने जब उसे समझाने का प्रयास किया तो वह अफसरों पर ही भड़क गया। करीब ढाई घंटे तक चले हंगामे के बाद वह नीचे उतरा तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिए। पुलिस का दावा है कि आपसी समझौते के जरिए मामले को निपटाने का प्रयास किया जाएगा।

मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम हकीमपुर का है। गांव निवासी तेजपाल सैनी खेती करते हैं। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। पहली पत्नी की मौत के बाद करीब चार साल पहले उन्होंने पिंकी से दूसरी शादी कर ली थी। पिंकी के भी पहले पति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वे लोग सामूहिक परिवार में रहते थे।

शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव के बाहर निकलने वाली सड़क पर लगे मोबाइल टावर पर तेजपाल सैनी चढ़ गया। पहले तो राहगीर माजरा नहीं समझ सके लेकिन ऊपर चढ़ने के बाद जब उसने आत्महत्या करने की बात कहते हुए शोर मचाया तो राहगीरों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने उसे समझाते हुए नीचे उतारने का भी प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी आ गए। अफसरों ने समझाया तो उसने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाए।

उसका कहना था कि दूसरी पत्नी मानसिक रूप से उसे परेशान कर रही है। आए दिन घर में झगड़ा करती है। अगर परिजन कुछ कह देते हैं तो पुलिस को बुला लेती है। पुलिस भी उसकी बात नहीं सुनती, कई बार आला अफसरों को पत्र देकर पूरी बात से अवगत करा दिया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शुक्रवार की रात भी मामूली बात पर पत्नी को पुलिस ने बुला लिया और उन्होंने अभद्रता की। इस कारण वह आत्महत्या कर रहा है। इसके बाद मान-मनौव्वल का दौर शुरू हुआ।

करीब ढाई घंटे तक समझाने के बाद अफसरों ने उसे नीचे उतरने पर राजी किया। नीचे आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। साथ ही आश्वासन दिया कि आपसी समझौते के जरिए घरेलू विवाद का निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।

बोलीं बेटियां, सौतेली मां कर रही उत्पीड़न
घटना के बाद तेजपाल सैनी की बेटियों ने भी सौतेली मां पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि वह पिता के साथ अभद्रता करती है। अगर कोई विरोध करता है तो उसके साथ भी झगड़ा करती है। इतना ही नहीं कई बार पुलिस को बुलाकर परेशान कर चुकी है। उन्होंने सौतेली मां पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि अगर पिता को कुछ हो गया तो उनके सामने खाने के लाले पड़ जाएंगे।

रामसेवक, सीओ हाईवे ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी विवाद का मामला था जिस कारण युवक टावर पर चढ़ गया था। फिलहाल उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया है। विवाद के निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार