मुरादाबाद: नकाबपोश बदमाशों ने घर में लगाई आग, महिला को पीटा
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना कटघर के क्षेत्र गांव भैंसिया में रविवार रात दो नकाबपोश बदमाश पेंटर आनंद के घर में घुस गए। आनंद की पत्नी से मारपीट की। बाद में घर में रखे कपड़ों में आग लगा दी।
घटना रात 10 बजे की बताई जा रही है। आनंद की पत्नी प्रियंका जग रही थी। आहट सुनकर वह चारपाई से उठ खड़ी हुई। बदमाशों ने दबोचकर उसका मुंह दबा लिया और शोर करने पर जान से मार देने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने घर में कीमती सामान की तलाश शुरू कर दी। कुछ मिला नहीं तो वहां रखे कपड़ों में आग लगा दी। महिला को मारापीटा भी।
दूसरी मंजिल पर मौजूद घर वालों को जब शोरगुल और धुआं महसूस हुआ तो वह नीचे आए और पानी डालकर आग बुझाई। घायल प्रियंका को इलाज के लिए निजी अस्पताल लाए। उधर, सूचना पर पुलिस भी आनंद के घर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिसकर्मियों ने अस्पताल में घायल प्रियंका से बयान दर्ज किए और उसे रेफर कराकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में कटघर थानाध्यक्ष तेजवीर सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : ऑपरेशन हंट में पुलिस ने 94 अभियुक्त दबोचे
