कन्नौज: हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस टीम पर की अंधाधुंध फायरिंग, ढाई घंटे चली मुठभेड़, सिपाही को लगी गोली, तीन गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
घटना में एक सिपाही की जांघ में गोली। दोनों ओर से करीब ढाई घंटे तक फायरिंग हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
छिबरामऊ/कन्नौज, अमृत विचार। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को गैर जमानती वारंट तामील कराने गई पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने फायरिंग की। घटना में एक सिपाही की जांघ में गोली। दोनों ओर से करीब ढाई घंटे तक फायरिंग हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जवाबी फायरिंग के दौरान भागते समय हिस्ट्रीशीटर और उसके पुत्र को भी गोली लगी। पुलिस ने हिस्टीशीटर मुनुआं, उसकी पत्नी और पुत्र टिंकू उर्फ अभय को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो तमंचे बरामद किए गए हैं। घर की तलाशी में एक डबल बैरल बंदूक भी बरामद हुई है।
हिस्ट्रीशीटर बाप के पकड़े जाते ही बेटे ने झोंक दिया फायर:
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि सोमवार की शाम पांच बजे छिबरामऊ और विशुनगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम धरनीधरपुर नगरिया गांव में हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआं के घर पर गैरजमानती वारंट लेकर गई थीं। उस पर हत्या, लूट के संगीन मामले दर्ज हैं। कोर्ट ने हत्या के एक मामले में उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। गांव के बाहर खेतों में उसका मकान बना है। दोपहर बाद जब बिशुनगढ़ थाने का आरक्षी सचिन राठी, नवीन कुमार व योगेंद्र तोमर वारंट तामील कराने पहुंचे तो हिस्ट्रीशीटर घर पर ही मिल गया।

सचिन ने मुनुआं को पकड़ लिया, उसी समय उसके बेटे ने तमंचे से सिपाही की जांघ में गोली मार दी और उसे पुलिस के फंदे से छुड़ा लिया। इस पर थानाध्यक्ष पारुल चौधरी ने समेत पुलिस टीम ने पोजीशन लेकर जवाबी फायरिंग की। अन्य पुलिसकर्मी घायल सिपाही को लेकर छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे रीजेंसी अस्पताल कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
अंधाधुंध फायरिंग देख गांव वालों को घरों में किया गया कैद:
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, सीओ सिटी डॉ. प्रियंका बाजपेयी, छिबरामऊ कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह, गुरसहायगंज कोतवाल जयप्रकाश शर्मा, सौरिख थानाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह, सकरावा थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की घेराबंदी कर एसओजी को भी बुला लिया। साथ ही गांव वालों को घरों में रहने को ताकीद किया। मुख्य आरोपी को जिंदा पकड़ने की रणनीति के तहत पुलिस ने मौके पर बुलडोजर भी मंगा लिया।
हिस्ट्रीशीटर का मकान ध्वस्त करने के लिए मौके पर पहुंचा बुलडोजर:
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के धरनीधरपुर नगरिया गांव में हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआं से मुठभेड़ के बाद पीएसी को भी गांव में बुला लिया गया और एसडीएम उमाकांत तिवारी ने मकान को गिराने के लिए बुलडोजर को भी बुला लिया। लगभग ढाई घंटे की मुठभेड़ के बाद अंधेरा होने पर हिस्ट्रीशीटर और उसके पुत्र टिंकू ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर मुनुआं और उसका पुत्र टिंकू उर्फ अभय घायल हो गए। दोनों को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर, उसकी पत्नी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर की पत्नी भी उसका सहयोग कर रही थी। समाचार लिखे जाने तक मकान की तलाशी का काम जारी था। गांव में भारी संख्या में पुलिस व पीएसी बल तैनात कर दिया गया है।
20 साल पहले अपराध की दुनिया में रखा था कदम:
धरनीधरपुर नगरिया गांव में हिस्ट्रीशीटर मुनुआं यादव ने करीब 20 साल पहले अपराध की दुनिया में कदम रखा था। गांव में रंजिश के चलते उसने शिक्षक रामसरोवर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद दूसरे पक्ष ने मुनुआं के भाई की हत्या कर दी। हत्याओं का सिलसिला चलता रहा तो मुनुआं घर छोड़कर भाग गया।
उनसे एक गिरोह में रहकर अपहरण हत्या व लूट की वारदातों को अंजाम दिया और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं। इसके बाद उसकी पत्नी जब प्रधान बनीं तो वह गांव के बाहर खेत में मकान बनाकर रहने लगा था। हत्या के एक मामले में फरार रहने पर उसका गैर जमानती वारंट न्यायालय से जारी किया गया था, जिसे तामील कराने के लिए पुलिस गई थी। मुनुआं का एक साथी सुखवीर अब भी फरार चल रहा है।
यह भी पढ़ें:-Kannauj Crime: हिस्ट्रीशीटर से पुलिस मुठभेड़ में सिपाही को लगी गोली, कानपुर रेफर, कुर्की वारंट लेकर गई थी खाकी
