मुरादाबाद : जिलाध्यक्ष पर हमला करने वालों की पहचान नहीं कर पाई पुलिस, सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है घटना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फॉलोअप : विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष पर हमलावरों ने घर पास किया था जानलेवा हमला, बदमाशों की पहचान करने में लगीं पुलिस की तीन टीमें

मुरादाबाद, अमृत विचार। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप शर्मा पर रविवार रात में हुए जानलेवा हमले में पुलिस अभी तक आरोपियों की पहचान तक नहीं कर पाई है। हालांकि, घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज सुरक्षित कर पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

प्रदीप शर्मा के मुताबिक, हमला करने वाले दो लोग थे और ये पैदल आए थे। उन्होंने कहा कि इन लोगों के पास निश्चित ही बाइक होगी, जिसे कहीं दूर खड़ा किया होगा। चूंकि, जब उन्होंने (प्रदीप शर्मा) पिस्टल लेकर उन लोगों को दौड़ाया तो वह भागकर कुछ देर में लापता हो गए। किधर निकले, यह वह भी नहीं समझ पाए। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए काफी संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को उठाया भी है और उनसे पूछताछ हो रही है।

मझोला थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, घटना के दूसरे दिन सुबह प्रदीप शर्मा ने मझोला थाने में अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। प्रदीप बुद्धि विहार में 9बी/770 के निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया है कि रविवार रात में उन पर हमला करने वाले आरोपी उनके घर के पास पहले से ही घात लगाए बैठे थे। वह घर के पास आकर जैसे ही कार से उतरे कि हमलावरों ने उन पर जान से मार देने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा के लिए उन्होंने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हमलावरों का पीछा किया लेकिन, वह अगली बार जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग निकले थे।

घटना के तुरंत बाद उन्होंने यूपी डॉयल-112 को कॉल कर सूचना दी थी। मौके पर पुलिस भी कुछ ही देर में पहुंच गई थी। मझोला थानाध्यक्ष संजय कुमार पांचाल ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। संबंधित अभियुक्तों तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें काम कर रही हैं। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दो युवक दिख जरूर रहे हैं लेकिन, वह स्पष्ट नहीं हो रहे हैं।

पुलिस को बताया आरोपियों का हुलिया
प्रदीप शर्मा ने बताया कि उनका दिल्ली रोड पर मझोला में चंदनवन रिसोर्ट है। रविवार रात आठ बजे के दौरान वह रिसोर्ट से कार में सवार होकर घर पहुंचे थे। घर के बाहर कर खड़ी करके नीचे उतर रहे थे तभी दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। प्रदीप ने पुलिस को हमला करने वाले युवकों का हुलिया भी बताया है। कहा, एक युवक करीब 30 वर्ष का और दूसरा करीब 22 साल का होगा। दोनों हमलावर जैकेट पहने थे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कान के लिए खतरे की घंटी बजा रहा मोबाइल, अधिकतम 20 मिनट ही करें बातचीत

संबंधित समाचार