UP: कन्नौज में कानपुर जैसा बिकरू कांड… वारंट लेकर गई पुलिस, हिस्ट्रीशीटर ने ताबड़तोड़ की फायरिंग, सिपाही की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कन्नौज में कानपुर जैसा बिकरू कांड हुआ।

कन्नौज में कानपुर जैसा बिकरू कांड हुआ। यहां वारंट लेकर गई पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सिपाही की मौत हो गई।

कन्नौज, अमृत विचार। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को गैर जमानती वारंट तामील कराने गई पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने फायरिंग की। घटना में एक सिपाही की जांघ में गोली। दोनों ओर से करीब ढाई घंटे तक फायरिंग हुई।  

जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जवाबी फायरिंग के दौरान भागते समय हिस्ट्रीशीटर और उसके पुत्र को भी गोली लगी। पुलिस ने हिस्टीशीटर मुनुआं, उसकी पत्नी और पुत्र टिंकू उर्फ अभय को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो तमंचे बरामद किए गए हैं। घर की तलाशी में एक डबल बैरल बंदूक भी बरामद हुई है।  

Kannauj (4)

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि सोमवार की शाम पांच बजे छिबरामऊ और विशुनगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम धरनीधरपुर नगरिया गांव में हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआं के घर पर गैरजमानती वारंट लेकर गई थीं। उस पर हत्या, लूट के संगीन मामले दर्ज हैं। कोर्ट ने हत्या के एक मामले में उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। गांव के बाहर खेतों में उसका मकान बना है।

दोपहर बाद जब बिशुनगढ़ थाने का आरक्षी सचिन राठी, नवीन कुमार व योगेंद्र तोमर वारंट तामील कराने पहुंचे तो हिस्ट्रीशीटर घर पर ही मिल गया। सचिन ने मुनुआं को पकड़ लिया, उसी समय उसके बेटे ने तमंचे से सिपाही की जांघ में गोली मार दी और उसे पुलिस के फंदे से छुड़ा लिया। इस पर थानाध्यक्ष पारुल चौधरी ने समेत पुलिस टीम ने पोजीशन लेकर जवाबी फायरिंग की। अन्य पुलिसकर्मी घायल सिपाही को लेकर छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे रीजेंसी अस्पताल कानपुर के लिए रेफर कर दिया।

crime (2)

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, सीओ सिटी डॉ. प्रियंका बाजपेयी, छिबरामऊ कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह, गुरसहायगंज कोतवाल जयप्रकाश शर्मा, सौरिख थानाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह, सकरावा थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की घेराबंदी कर एसओजी को भी बुला लिया। साथ ही गांव वालों को घरों में रहने को ताकीद किया। मुख्य आरोपी को जिंदा पकड़ने की रणनीति के तहत पुलिस ने मौके पर बुलडोजर भी मंगा लिया। 

विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के धरनीधरपुर नगरिया गांव में हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआं से मुठभेड़ के बाद पीएसी को भी गांव में बुला लिया गया और एसडीएम उमाकांत तिवारी ने मकान को गिराने के लिए बुलडोजर को भी बुला लिया। लगभग ढाई घंटे की मुठभेड़ के बाद अंधेरा होने पर हिस्ट्रीशीटर और उसके पुत्र टिंकू ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर मुनुआं और उसका पुत्र टिंकू उर्फ अभय घायल हो गए। दोनों को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर, उसकी पत्नी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर की पत्नी भी उसका सहयोग कर रही थी। 

crime News (1)

सिपाही की मौत

हिस्ट्रीशीटर की गोली से घायल सिपाही की मौत। कन्नौज में घायल सिपाही सचिन राठी की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। विशुनगढ़ में हिस्ट्रीशीटर के घर कुर्की का नोटिस चस्पा करने गया था सिपाही सचिन। 5 फरवरी को होनी थी शहीद सिपाही सचिन की शादी। मुजफ्फरनगर का रहने वाला था शहीद सिपाही सचिन। 2019 में हुआ था पुलिस में भर्ती। कन्नौज पुलिस लाइन में सिपाही को सलामी दी जाएगी।

ये था बिकरू कांड

कानपुर के बिकरू गांव में जुलाई 2020 में दबिश देने गई पुलिस टीम पर विकास दुबे गैंग ने हमला बोल दिया था। गैंगस्टर विकास दुबे और उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। बिकरू कांड के 44 आरोपियों में 30 आरोपी पर गैंगस्टर का मामला दर्ज हुआ था।

ये भी पढ़ें- कन्नौज: हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस टीम पर की अंधाधुंध फायरिंग, ढाई घंटे चली मुठभेड़, सिपाही को लगी गोली, तीन गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार