मुरादाबाद : 'भाजपा की नफरत की राजनीति खत्म कर जनता के अधिकार की रक्षा करेगी कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा'

मुरादाबाद में मिले जनसमर्थन के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने जताया आभार, कहा जनता की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस सड़कों पर उतरी है

मुरादाबाद : 'भाजपा की नफरत की राजनीति खत्म कर जनता के अधिकार की रक्षा करेगी कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा'

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में डिप्टीगंज से निकली यात्रा बारादरी होते हुए भूड़ का चौराहा पहुंची, जगह जगह स्वागत, कोहिनूर तिराहे पर समापन

मुरादाबाद। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पार्टी की यूपी जोड़ो यात्रा भाजपा की नफरत की राजनीति खत्म करेगी। सत्ता के मद में किसानों, नौजवानों, बुजुर्गों, गरीबों की आवाज कांग्रेस दबने नहीं देगी। 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों को जनता की आवाज बनकर काम करना होगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने यूपी जोड़ो यात्रा के दौरान मुरादाबाद में मिल रहे जनसमर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। कहा कि यह जनता ही भाजपा सरकार की तानाशाही का जवाब देगी। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरी है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम लला के नवविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा में निमंत्रण के सवाल पर कहा कि मंदिर मस्जिद के दरवाजे अमीर गरीब सबके लिए खुले होने चाहिए। निमंत्रण अगर किसी को देना चाहिए तो हिंदू धर्म के चारों पीठों के शंकराचार्य को देना चाहिए। उन्होंने लोकसभा चुनाव में लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और गठबंधन के सवाल पर कहा कि हम पूरी ताकत से किसान, मजदूर, नौजवान, बेरोजगारों की आवाज उठा रहे हैं। जनता का समर्थन मिल रहा है। गठबंधन का निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा।

mbd ..

उन्होंने महानगर के डिप्टीगंज तिराहे से यूपी जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद पैदल यात्रा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष लोगों के साथ आगे बढ़े। पार्टी नेताओं और जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए वह आगे बढ़ रहे थे। रास्ते में उनके स्वागत का क्रम चलता रहा। बारादरी में नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों ने माल्यार्पण कर यात्रा और प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके आगे भी रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उनके साथ चल रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रास्ते में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं।  

यूपी जोड़ो यात्रा 20 दिसंबर को सहारनपुर से शुरू हुई थी। सोमवार की रात यात्रा का मुरादाबाद में विश्राम था। मंगलवार दोपहर डिप्टीगंज से यात्रा फिर शुरू हुई। जो डिप्टीगंज चौराहा से होकर बारादरी, तहसील स्कूल, लालबाग, जामा मस्जिद चौराहा से होकर इंदिरा चौक, गलशहीद, ईदगाह होते हुए कोहिनूर तिराहा पहुंचेगी। 
यात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष रिजवान कुरैशी, पूर्व विधायक हाजी इकराम, जिला उपाध्यक्ष व.प्रवक्ता सुधीर पाठक, राजेंद्र वाल्मीकि, शिवराज सिंह,  नगर निगम में पार्टी के पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष और पार्टी के कार्यकर्ता  शामिल रहे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कान के लिए खतरे की घंटी बजा रहा मोबाइल, अधिकतम 20 मिनट ही करें बातचीत