सीएसए में कार सवार सेवानिवृत्त जिला पूर्ति अधिकारी ने मार्निंग वॉकर को रौंदा
मंगलवार सुबह घटना से मचा हड़कंप, घायल को पहुंचाया अस्पताल दोपहर में तोड़ दम
अमृत विचार कानपुर। शहर में कोहरे और अनियंत्रित रफ्तार ने एक वृद्ध मार्निंग वॉकर की जान ले ली। हादसा इतना तेज था कि बीच में टहलने के कारण वह दिखाई नहीं दिए जिससे सेवानिवृत्त जिला पूर्ति अधिकारी की कार उनके ऊपर चढ़ गई। घटना से अफरातफरी मच गई। मार्निंग वॉकरों ने मिलकर किसी तरह उन्हें नाजुक हालत मे कार के नीचे से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां दोपहर में उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
नवाबगंज थानाक्षेत्र में स्थित सीएसए में टहलने गए 73 वर्षीय मार्निंग वॉकर राजेंद्र कुमार मित्तल की हादसे में मौत हो गई। भतीजे अमित मित्तल ने पुलिस को बताया कि चाचा राजेंद्र रोज की तरह मंगलवार सुबह शारदा नगर स्थित घर से सीएसए टहलने गए थे। घने के कोहरे के बीच वह टहल रहे थे तभी 74 वर्षीय वृद्ध की कार अनियंत्रित हो गई और राजेंद्र को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। कार चालक ने तुरंत ब्रेक लगाया जिससे वह कार के नीचे फंस रह गए। इस दौरान वहां और भी टहल रहे मार्निंग वॉकरों में अफरातफरी मच गई।
इस दौरान अन्य लोगों की मदद से ईंटें लगाकर किसी तरह कार को उठाया और नीचे फंसे राजेंद्र को बाहर निकालकर गुरुदेव स्थित निजी अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी कार चालक की पहचान सेवानिवृत्त जिला आपूर्ति अधिकारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी पाकर कार चालक वृद्ध के बहू और बेटे भी अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद आरोपी वृद्ध की तबीयत खराब होने लगी।
जिस पर मृतक परिवार ने उनके बेटे बहू से उन्हें घर ले जाने को कहा। मृतक के भतीजे के अनुसार घटना महज हादसा थी। वह किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते हैं। नवाबगंज पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के परिवार में बेटे राहुल और रोहित हैं। बेटे लाटूश रोड स्थित पंप की दुकान में बैठते हैं। वहीं मृतक शारदा नगर स्थित आदर्श सेल्स में बैठकर पंप का कारोबार करते थे। उनकी पत्नी की मौत 8 वर्ष पहले कैंसर के चलते हो चुकी है। इस संबंध में थाना प्रभारी दीना नाथ मिश्रा ने बताया मृतक के परिवार ने किसी प्रकार की कोई भी तहरीर देने से साफ इन्कार कर दिया है।
