Hamirpur: धर्म परिवर्तन कर युवती से निकाह करने के मामले में नायब तहसीलदार फंसे, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
हमीरपुर में धर्म परिवर्तन कर युवती से निकाह करने के मामले में नायब तहसीलदार फंसे।
हमीरपुर में धर्म परिवर्तन कर युवती से निकाह करने के मामले में नायब तहसीलदार फंस गए। पत्नी की तहरीर पर नायब तहसीलदार सहित पांच के खिलाफ धर्म परिवर्तन की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
हमीरपुर, अमृत विचार। मौदहा तहसील में तैनात नायब तहसीलदार ने धर्म परिवर्तन कर एक युवती से निकाह कर लिया। वह मस्जिद में जाकर नमाज अदा करने लगा। प्रशासन को इसकी सुगबुगाहट लगी तो तहसीलदार जांच करने पहुंचे। सच्चाई जानने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मंगलवार को इस मामले में अधिकारी नायब तहसीलदार का बयान दर्ज करते रहे। इस मामले में पत्नी ने पति नायब तहसीलदार, मौलवी सहित पांच के खिलाफ धर्म परिवर्तन करने का मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मौदहा कस्बे की तहसील में तैनात नायब तहसीलदार आशीष गुप्ता इन दिनों मुस्करा सर्किल के नायब तहसीलदार हैं। वह मौदहा कस्बे में रहते हैं। वह कस्बे की एक मस्जिद में नमाज पढ़ने जाने लगे। मस्जिद के मुअज्जिन को नायब तहसीलदार ने अपना नाम मो.यूसुफ निवासी कानपुर बताया। अज्ञात व्यक्ति के मस्जिद आने पर मस्जिद के मुअज्जिन ने इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी।
जिसकी जांच के लिए पिछले सोमवार रात तसीलदार बलराम गुप्ता जांच करने मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद कई लोगों के बयान दर्ज करते हुए दस्तखत कराए। जांच के बाद तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी किसी जानकारी देने से बचते रहे। पुलिस अधीक्षक डा दीक्षा शर्मा ने बताया कि बुधवार को नायब तहसीलदार की पत्नी आरती यज्ञसैनी उर्फ आरती गुप्ता ने शहर कोतवाली में तहरीर दी।
जिसमें कहा नायब तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता निवासी 14 एच हनुमंत बिहार जनपद कानपुर नगर का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है। साथ ही उनके पति ने मुस्लिम युवती से अनैतिक निकाह कर लिया है। उनकी शादी हो चुकी है और दो बच्चे भी हैं।
इस मामले में मौदहा निवासी युवती रुखसार उसके पिता नाम अज्ञात, रुखसार के मौसा मुन्ना, मस्जिद के मौलवी बाबू आढ़ती व मौदहा तहसील में तैनात नायब तहसीलदार आशीष गुप्ता पुत्र राजा बेटा निवासी 14 एच हनुमंत बिहार जनपद कानपुर नगर एवं पांच- छह व्यक्ति अज्ञात के विरुद्ध धारा 494 आईपीसी व 3/5(1) विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम मे अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। बताया कि मस्जिद के मौलवी बाबू आढ़ती व युवती के मौसा मुन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Etawah Accident: टैंकर ने सड़क किनारे खड़े तीन को रौंदा… हालत गंभीर, कोहरे के कारण हुआ हादसा
