मुरादाबाद : बुध बाजार में युवती से छेड़छाड़, चेहरे से हिजाब हटाने का प्रयास
सरे बाजार में बाइक सवारों की हरकत, सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया वीडियो, पीड़िता के चाचा बोले, भतीजी को फोन कर उसके प्रेमी ने मार्केट में बुलाकर की हरकत
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में सुपर मार्केट के पास बुध बाजार में युवती के चेहरे से हिजाब हटाने और उसके साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी ने इसका मोबाइल से वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। पीड़िता के चाचा ने कोतवाली में तहरीर देकर दो आरोपियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें मझोला के मंगूपुरा के नासिर और कोतवाली क्षेत्र के मानपुर के आलिम नामजद हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने सूचना प्रोद्यौगिकी (संशोधन) अधिनियम-2008 के तहत भी मामला दर्ज किया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के चाचा ने बताया कि उनकी बेटी गुरुवार दोपहर तीन बजे के दौरान बुध बाजार मां के कपड़े लेने गई थी, जहां उसके साथ घटना हुई है। उसे आरोपी नासिर ने फोन कर बुलाया था। उनकी भतीजी और नासिर का दो-तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। नासिर और उसका दोस्त आलिम बाइक से बाजार आए थे। नासिर ने उनकी भतीजी से छेड़छाड़ की और उसका वीडियो आलिम ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। इससे उनकी समाज में बदनामी हो रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने नासिर के घर वालों से संपर्क किया है।
उन लोगों ने एफआईआर वापस लेने को कहा है, जिस पर उन्होंने इस शर्त पर मामले में सुलह करने की बात कही है कि पहले उनकी भतीजी का नासिर के संग निकाह के लिए हामी भरें। पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी शर्त पर विचार कर लेने के लिए नासिर के घर वालों ने बुधवार शाम तक का समय मांगा है। उन्होंने बताया कि यदि नासिर के घर वाले उनकी भतीजी संग निकाह नहीं करता है तो वह पुलिस की मदद से न्याय की मांग करेंगे। उधर, इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऊषा मलिक ने बताया कि पीड़िता के चाचा की तहरीर पर उन्होंने संबंधित दोनों आरोपियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: हिचकोले खाते नैनीताल और जिम कॉर्बेट मुश्किल से पहुंच रहे पर्यटक
