शाहजहांपुर: खेत की बाड़ में करंट आने से तीन गायों की मौत, वीडियो बनाने पर युवक को मारी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कलान/परौर, अमृत विचार: फसल की रखवाली के लिए लगाई गई करंटयुक्त बाड़ की चपेट में आने से तीन गायों की मौत हो गई। खेत मालिक ने भाइयों के साथ मिलकर घटना का वीडियो बनाने पर युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि बचाने आए चचेरे भाई पर भी फायर किए, लेकिन वह बच गया तो उसे धारदार हथियार से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया।

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है, जबकि बिजली विभाग के जेई राम सुरेश ने खेत मालिक सतीश कुमार के खिलाफ थाना परौर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

थाना परौर क्षेत्र के गांव रजुआपुर निवासी सतीश कुमार ने ट्यूबवेल पर लगे ट्रांसफार्मर से केबिल जोड़कर खेत में लगे कंटीले तारों में विद्युत प्रवाहित कर दी, जिससे आसपास के सभी खेतों में करंट दौड़ गया। चपेट में आने से तीन गायों की मौत हो गई। बताते हैं कि नन्हें नाम के व्यक्ति ने 112 पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस मृतक गायों को दफनाने की बात कहकर चली गई, जिसके बाद शाम लगभग पांच बजे आरोपी मृतक गायों को ठिकाने लगाने में जुट गए।

गांव निवासी हसनू गायों को उठाकर दफनाने का वीडियो बनाने लगा। इससे गुस्साए सतीश कुमार ने भाइयों के साथ मिलकर हसनू को ललकारा और गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। यह देख हसनू का चचेरे भाई अखिलेश विरोध करने आ गया। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर भी जान से मारने की नीयत से तीन फायर किए, जिससे वह बाल बाल बच गया।

इसके बाद हमलावर लाठी डंडों और धारदार हथियार से प्रहार कर उसे भी घायल कर दिया। शोरशराबे के कारण आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर परौर की थाना प्रभारी सोनी शुक्ला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पड़ोस के थाना कलान की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

घटना की जानकारी लेने के साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया और फिर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। कुछ संदिग्ध स्थानों पर पुलिस ने दबिश भी दी लेकिन आरोपी नहीं मिल पाए। वहीं पशु चिकित्सक को बुलाकर मृत गायों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें दफन करवा दिया गया है। इधर, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।

थाना परौर के गांव रजुआपुर में दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, जहां पता लगा के सतीश ने अपने खेत में करंटयुक्त बाड़ लगाई गई थी, जिसके चपेट में आकर तीन गायों की मौत हो गई है। इसके बाद वीडियो बनाने पर दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग में दो लोग घायल हुए हैं। जेई की ओर से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अभी पीड़ित परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। आरोपियों की तलाश जारी है---मनोज कुमार अवस्थी, एएसपी- ग्रामीण।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सफाई कर्मचारियों को पर्यावरण मित्र जैसे अच्छे नाम से नवाजा जाए- अनूप प्रधान

संबंधित समाचार