शाहजहांपुर: सफाई कर्मचारियों को पर्यावरण मित्र जैसे अच्छे नाम से नवाजा जाए- अनूप प्रधान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को पर्यावरण मित्र जैसे अच्छे नाम से नवाजा जाना चाहिए। वह मुख्यमंत्री के समक्ष सफाई कर्मचारियों की मांगों को रखकर निराकरण कराने का प्रयास करेंगे। राज्यमंत्री ने नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की। 

राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान बुधवार दोपहर नगर निगम सभागार में पहुंचे। मेयर अर्चना वर्मा ने उनका स्वागत किया। यहां सफाई कर्मचारियों ने उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि संविदा और ठेका सफाई कर्मचारियों के सामने कई समस्याएं हैं। उनका ईपीएफ नहीं कटता, मृतक आश्रितों को नौकरी नहीं मिलती, उन्हें सफाई कर्मचारी जैसे नाम से पुकारा जाता है, कम वेतन मिलता है और ईएसआई का भी लाभ नहीं मिल पाता है। सफाई कर्मचारियों ने ईएसआई, ईपीएफ का लाभ दिलाने के साथ ही वेतन कम से कम 500 रुपये प्रतिदिन दिलाने की मांग की। 

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को उत्तराखंड में पर्यावरण मित्र के नाम से नवाजा गया है। उत्तर प्रदेश में भी यह नाम सफाई कर्मचारियों को मिलना चाहिए। इसी तरह ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें प्रधान और अधिकारी सभी परेशान करते हैं, लेकिन जब बारी उपकरण दिए जाने की आती है तो उन्हें उपकरण नहीं दिए जाते। अभी तक ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली नहीं बन सकी है जबकि उन्हें कार्य करते हुए 16 साल का लंबा समय बीत चुका है। इस दौरान कुछ कर्मचारी नेताओं ने बताया कि ठेका सफाई कर्मचारियों का ईपीएफ काटने का प्रकरण कोर्ट में चल रहा है। 

राजस्व राज्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को पर्यावरण मित्र जैसे अच्छे नाम से नवाजा जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और नोट कर लिया। यह मांगें मुख्यमंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई जाएंगी। इसके बाद उन्होंने गरीबों को कंबल बांटे और तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर निराकरण किया जाए।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: राजस्व राज्यमंत्री ने की राजस्व और चकबंदी के कार्यों की समीक्षा

 

संबंधित समाचार