मुरादाबाद : जालसाजों ने दूसरे के प्लाट का बैनामा कराकर ठगे तीन लाख
जालसाजी : भोजपुर के दो ठगों ने गाजियाबाद के लोनी में अपना प्लाट बताकर हरथला के पीड़ित काे ठगा, मामले में सुलह करने को पीड़ित के घर पंचायत भी हुई, आरोपियों ने नहीं माना समझौता
मुरादाबाद, अमृत विचार। जमीन की खरीद-बिक्री में जालसाजी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पीड़ित दूसरे का प्लाट दिखाकर उससे तीन लाख रुपये नकद झटक लिए हैं। खुलासा होने पर पीड़ित ने सिविल लाइन थाने पर शिकायत की तो आरोपियों ने कुछ लोगों को बीच में डालकर समझौता कर लेने को पंचायत की थी लेकिन, बाद में आरोपियों ने पंचायत के समझौते को भी नहीं माना। जिस पर पीड़ित जफीर अहमद ने गुरुवार को सिविल लाइन थाने में दोनों आरोपियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज करा दी है। इसमें भोजपुर थाना क्षेत्र के सिरसवां गोड़ गांव के खलील और उसका भाई जमील नामजद हुआ है।
हरथला में उस्मानी स्कूल वाली गली के निवासी जफीर अहमद ने सिविल लाइन थानाध्यक्ष को बताया है कि उनके साथ खलील और उसके भाई जमील ने षड्यंत्र रच कर धोखाधड़ी करके तीन लाख रुपये ठगे हैं। आरोपियों को उन्होंने तीन लाख रुपये अनवर हुसैन और मोहम्मद नूर के सामने दिए थे। जिसकी रसीद भी उनके पास है। जबकि, विपक्षियों ने किसी अन्य व्यक्ति का प्लाट, जो लोनी गाजियाबाद में स्थित है को अपना बताकर उन्हें और उनके भाई के हक में 12 जुलाई 2021 को बैनामा कराया था।
फिर मार्च 2022 में जब जफीर अहमद उस प्लाट पर निर्माण करने गए तो प्लाट का वास्तविक स्वामी अपना बैनामा लेकर आ गया और कहने लगा ये प्लाट उसका है। जिस पर जफीर अहमद ने आरोपी जमील व खलील को फोन किया तो इन लोगों ने कहा कि हमने आपको बैनामा कर दिया था अब उनसे कोई मतलब नहीं है। जफीर अहमद ने कहा कि इसके बाद वह अपने रुपये वापस लेने के लिए जमील और खलील के चक्कर काटते रहे लेकिन, इन लोगों ने कोई पैसा नहीं दिया। जिस पर उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत की थी।
विपक्षीगणों ने 2 अप्रैल 2023 को कुछ लोगों को बीच में डालकर जफीर अहमद के घर आकर पंचायत की थी। पंचायत में उपस्थित लोगों ने दोनों के बीच एक लिखित समझौता कराया था। समझौते में शर्त थी कि तीन लाख रुपये और स्टांप के 20,800 रुपये कुल 3,20,800 अगले पांच महीने के अंदर आरोपी जमील और खलील जफीर अहमद को देंगे। लेकिन, आरोपियों ने पंचायत के समझौते को भी नहीं माना है उल्टे रुपए मांगने पर पीड़ित को गालियां देते हैं और जान से मार देने की धमकी भी दे रहे हैं। इस मामले में सिविल लाइन थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि संबंधित प्रकार उनके संज्ञान में है। उन्होंने जफीर अहमद की तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर भी दर्ज कर ली है। मामले में जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : एंजिल नर्सिंग होम सील, संचालक पर धोखाधड़ी व जनमानस को गुमराह करने में एफआईआर दर्ज
