बरेली: सेटेलाइट पर विवाद के मामले में चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट पर सीएनजी पंप के सामने चाय की दुकान के पीछे पेशाब करने को लेकर दो पक्षों में विवाद मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं दूसरे पक्ष की गुरुवार देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
बिथरी चैनपुर के गांव कंथरिया निवासी राजीव कुमार ने थाना बारादरी में शिकायती पत्र देकर बताया कि बुधवार रात को अपने साथी अभय पटेल और पुष्पेंद्र के साथ सेटेलाइट पर आए थे। यहां सीएनजी पंप के सामने सूर्य प्रकाश सक्सेना उर्फ बाबू, उसके साथी गौरव सक्सेना, अमन व आशीष समेत कुछ अज्ञात लोग नशे में गाली गलौज करने लगे। विरोध पर लाठी डंडों से पीटने लगे, जिससे उनका सिर फट गया। मौके पर पहुंची चीता मोबाइल ने अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दबाव में आई पुलिस नहीं दर्ज की दूसरे पक्ष की रिपोर्ट
दूसरे पक्ष के सूर्यप्रकाश सक्सेना ने बताया कि बुधवार रात वह दुकान पर बैठे थे, तभी राजीव व उनके कई साथी आए और दुकान के पीछे पेशाब करने लगे। मना करने पर गाली गलौज और मारपीट की। दुकान पर पथराव किया और कार को भी तोड़ दिया। जब उनके परिजन थाना थाने में शिकायती पत्र देने पहुंचे तो रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस मामले में बारादरी इंस्पेक्टर अपराध से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन नहीं उठा।
रात 10 बजे के बाद बंद होंगी दुकानें
बवाल के बाद बारादरी पुलिस ने निर्देश जारी किए हैं कि रात 10 बजे के बाद सेटेलाइट पर चाय और मैगी की सभी दुकानें बंद की जाएंगी। यदि कोई खोलेगा तो उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस के अनुसार दुकानों पर अराजक तत्व एकत्र होते हैं जिससे विवाद की स्थिति बनी रहती है।
राजीव और उसके साथी का सिर फोड़ दिया था। इसलिए उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दूसरे पक्ष ने पीटा है, इसलिए उसकी रिपोर्ट किस आधार पर दर्ज की जाए। वे लोग आरोपी हैं। - अनीता चौहान- सीओ तृतीय
ये भी पढे़ं- बरेली: कोहरे की वजह से रोकीं बसें, यात्रियों की संख्या भी घटी
