बदायूं: जिले में बने आठ नए कोल्ड स्टोर, बढ़ेगी भंडारण क्षमता, कम संख्या में होने की वजह से बाहर भेजा जाता था आलू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डेमो इमेज

बदायूं,अमृत विचार: जनपद में आठ नए कोल्ड स्टोर बनकर तैयार हो गए हैं। अब इनकी संख्या बढ़कर 84 पहुंच चुकी है। किसानों को आलू भंडारण के लिए समस्या नहीं आएगी। पैदावार अच्छी होने के चलते इस बार भंडारण अधिक होने का अनुमान है। दूसरा कारण वर्तमान में आलू का दाम भी कम मिल रहा है, जिस वजह से किसान फसल की बिक्री भी कम ही करेंगे। वर्ष 2023 में जिले में 75 कोल्ड स्टोर थे, उसमें 3 लाख 83  हजार 731 मीट्रिक टन आलू भंडारण की क्षमता थी।

8 नए कोल्ड स्टोर बनने से भंडारण क्षमता भी दस लाख मीट्रिक टन से अधिक हो जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि इस बार करीब 27  हजार हेक्टेयर में आलू की फसल हुई है। पिछले साल आलू का उत्पादन 8 लाख मीट्रिक टन हुआ था। इस बार पैदावार बढ़ने की संभावनाएं अधिक हैं। हालांकि इसकी पुष्टि होने में अभी समय लगेगा।

कोल्ड स्टोर कम होने से बाहरी जिलों में होता था भंडारण:  जिले में आलू की पैदावार अच्छी होती है। ककराला रोड स्थित मंडी में आलू की बिक्री न होने तथा मूल्य कम रहने पर किसान उसका भंडारण कोल्ड स्टोर में करते हैं। परंतु संचालित कोल्ड स्टोरों की भंडारण क्षमता कम होने की वजह से वह जिले में भंडारण नहीं कर पाते थे। उनके लिए बरेली, रामपुर और कासगंज के कोल्ड स्टोर में भंडारण करना पड़ता था। लेकिन अब यह समस्या समाप्त हो जाएगी। किसान जिले के कोल्ड स्टोरों में आलू का भंडारण कर सकेंगे।

बाजार में अगर भाव सही नहीं है तो कोल्ड स्टोर में आलू का भंडारण कर सकते हैं। किसानों को कोई समस्या नहीं आएगी। कोल्ड स्टोर में पर्याप्त जगह है। इसलिए किसान घबराएं नहीं।- सुनील कुमार, डीएचओ

ये भी पढ़ें - बदायूं: ट्रैक्टर खींचने की शर्त... हारने पर गांव में मारपीट, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार