बदायूं: ट्रैक्टर खींचने की शर्त... हारने पर गांव में मारपीट, वीडियो वायरल
विजय नगला, अमृत विचार: दो युवकों में एक-दूसरे का ट्रैक्टर खींचने की शर्त लगी। जिसमें हारने के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के गांव जाकर मारपीट की। जिसका वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुआ है। लोगों के अनुसार शर्त रुपयों की थी। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामला थाना बिनावर क्षेत्र के गांवों का है। कुछ लोगों ने ट्रैक्टर के पीछे का हिस्सा एक-दूसरे से बांधकर खींचने की शर्त लगाई। लोगों के अनुसार गांव कुतुबपुरथरा निवासी तौफीक शर्त हार गया। वहीं गांव नदौलिया निवासी नाजिम जीता। जिसके बाद दोनों पक्ष में कहासुनी हो गई।
मौजूद लोगों के समझाने के बाद वह मान गए और अपने घर लौट गए। नाजिम ने सोशल साइट्स पर तौफीक का ट्रैक्टर खींचने की वीडियो अपलोड कर दी। वीडियो तौफीक तक पहुंच गया। उसे तौहीन महसूस होने लगी। वह अपने साथियों के साथ गांव नदौलिया जा पहुंचा।
आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। हमलावर भाग निकले। पुलिस वापस लौट गई। बिनावर के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शर्त लगने की जानकारी नहीं है। जानकारी करके कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: डायलिसिस मशीनें खराब और डिप्टी सीएम से करा दिया शुभारंभ, 3 में 2 मशीनें खराब
