हमीरपुर : पीआरडी जवान के परिजनों ने शव रख लगाया जाम
हमीरपुर, अमृत विचार। ठंड से पीआरडी जवान की हुई मौत को लेकर परिजनों के साथ पीआरडी जवानों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर अंतिम संस्कार के लिए जाते समय परिजनों ने पीआरडी जवानों के साथ जजी तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया और नारेबाजी करने लगे। पीआरडी जवानों ने ड्यूटी के दौरान खास इंतजाम न किए जाने, ब्लाक से दूर ड्यूटी लगाने व अधिकारियों पर घर में झाडू पोंछा कराने जैसे आरोप लगा जमकर आक्रोश व्यक्त किया। जाम के बीच पहुंचे कोतवाल ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इस बीच करीब डेढ़ घंटे तक जजी रोड पर जाम लगा रहा।
कुरारा ब्लाक के पतारा गांव निवासी पीआरडी राजेंद्र कुमार (42) पुत्र महिपाल थाना बिवांर में ड्यूटी से घर लौटते ठंड की चपेट में आ गया था। जिसकी इलाज दौरान मौत हो गई। इस घटना से पीआरडी जवान आक्रोशित हो गए। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शहर के जजी तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। पीआरडी जवान के चचेरे भाई सुरेशचंद्र ने कहा कि उसके भाई की मौत पर मुआवजा दिया जाए। उसके चार छोटे छोटे बच्चे हैं, मां दिव्यांग हैं। ऐसे में कैसे बच्चों का पालन पोषण होगा। एक बेटे को नौकरी दी जाए। वहीं पीआरडी जवानों ने भी साथी की मौत पर मुआवजा देने के साथ साथ ब्लाक से दूर ड्यूटी लगाने का आरोप लगाया।
पीआरडी जवानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग के डीओ, बीओ व अन्य अधिकारी घरों में ड्यूटी के नाम पर उनसे झाडू, पोंछा, बर्तन धुलवाते हैं। वहीं कोतवाली व थानों में पीआरडी जवानों से चाय नाश्ता मंगवाया जाता है। जाम की सूचना पर पहुंचे कोतवाल अनूप सिंह ने परिजनों व पीआरडी जवानों को समझाया। जिसके बाद जाम खुला।
ये भी पढ़ें -नशा करके वाहन चलाया तो होगा सीज : डीआईजी
