Kanpur News: कोलकाता से पकड़ा गया 30 लाख का सोना लेकर भागने वाला प्रीतम मंडल, ट्रांजिट रिमांड पर शहर लाएगी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता से पकड़ा गया 30 लाख का सोना लेकर भागने वाला प्रीतम मंडल।

कोलकाता से पकड़ा गया 30 लाख का सोना लेकर भागने वाला प्रीतम मंडल। 15 दिसंबर को दूसरे कारीगरों को सोता हुआ छोड़कर भाग गया था। ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी और उसके दो साथियों को कानपुर पुलिस लाएगी।

कानपुर, अमृत विचार। आखिरकार 14 दिन बाद पश्चिम बंगाल गई कोतवाली पुलिस के हाथ सफलता लग गई। 15 दिसंबर को कोतवाली थानाक्षेत्र से धोबी मोहाल से 30 लाख का 452 ग्राम सोना लेकर भाग जाने के मामले में फरार कारीगर प्रीतम मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली से गई टीम ने आरोपी और उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर माल की बरामदगी कर ली है। पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर प्रीतम और उसके दोनों साथियों को कानपुर लाने की तैयारी कर रही है। 

चौक सर्राफा धोबी मोहाल तिलक पार्क निवासी तपस धन ने बताया कि उनके यहां सात कारीगर काम करते हैं। 11 दिसंबर को प्रीतम मंडल को काम पर रखा था। 15 दिसंबर की सुबह छह बजे जब वे उठे तो प्रीतम गायब था। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि प्रीतम अपनी और सात कारीगरों की दराज में रखा 452 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया था।

पीड़ित तपस के अनुसार उन्होंने कई बार कॉल की और संपर्क करने की कोशिश की लेकिन प्रीतम का कोई पता नहीं चला। इस संबंध में एसीपी कोतवाली अर्चना सिंह ने बताया कि प्रीतम और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोलकाता गई टीम तीनों को कोर्ट में पेश करेगी, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर तीनों को जल्दी ही कानपुर लाया जाएगा। 

फरार संपत लवेटे को नहीं पकड़ पाई पुलिस

बेकनगंज थानाक्षेत्र से 15 से ज्यादा कारोबारियों का करोड़ों का सोना और डेढ़ करोड़ कैश लेकर भागने के मामले में फरार कारीगर संपत लवेटे का कोई सुराग नहीं लगा है। संयुक्त पुलिस आयुक्त क्राइम नीलाब्जी चौधरी की ओर से भेजी गई एसआईटी की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसके साथी महेश मस्के को माल के साथ गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे महाराष्ट्र में एक बड़ी पार्टी का राजनैतिक संरक्षण प्राप्त हो गया है। पुलिस भी इस बात को जानती है। इसके बाद भी वह दबाव के आगे गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। जबकि पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार के निर्देश पर डीसीपी सलमानताज पाटिल को महाराष्ट्र के सांगली भेजा गया था। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए महेश को गिरफ्तार किया गया। लेकिन संपत को नहीं पकड़ पाई है। अब डीसीपी शहर वापस लौट आए हैं, जबकि मुख्य आरोपी अभी तक फरार है।

ये भी पढ़ें- Kanpur: ठंड से बचने के लिए बुजुर्ग ने अपनाया अनोखा तरीका, श्मशान घाट में जलती चिता के बगल में लेटा, देखें- VIDEO

संबंधित समाचार