मुरादाबाद : मुख्यमंत्री तक पहुंची बीईओ द्वारा शिक्षकों से उत्पीड़न की शिकायत, बीएसए ने मांगा स्पष्टीकरण
अधिवक्ता देवेंद्र कुमार विश्नोई ने वंदना सैनी पर शिक्षकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जिला एवं अनुश्रवण समिति की बैठक से भी बीईओ थीं नदारद
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर क्षेत्र में तैनात खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) जोन 2 वंदना सैनी द्वारा शिक्षकों के उत्पीड़न की शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची है। अधिवक्ता देवेंद्र कुमार विश्नोई ने शिक्षकों का उत्पीड़न करने और कार्यक्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री से शिकायत की है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से बीईओ पर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, बीएसए ने भी खंड शिक्षाधिकारी को जिलाधिकारी की बैठक से नदारद रहने पर स्पष्टीकरण मांगा है।
अधिवक्ता का आरोप है कि जोन 2 की खंड शिक्षाधिकारी शिक्षकों का उत्पीड़न करती हैं। अधिवक्ता ने इसकी शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री से की है। इस शिकायत पर बीएसए के जवाब मांगने पर भी खंड शिक्षाधिकारी ने देरी की। जिस पर 29 दिसंबर को बीएसए ने नोटिस जारी कर कहा कि यदि आपने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया तो विभागीय व शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप में वरिष्ठ अधिकारियों को आपके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के लिए पत्र लिखेंगे। जिसकी जिम्मेदारी स्वयं उनकी होगी। वहीं, 28 दिसंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक से भी खंड शिक्षाधिकारी नदारद थीं। हालांकि बैठक की सूचना उन्हें विभाग के ह्वाट्सएप ग्रुप पर दी गई थी। फिर भी वह नहीं आईं। इस पर बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि अधिवक्ता की शिकायत के संबंध में खंड शिक्षाधिकारी ने अपना जवाब देकर आरोपों को निराधार बताया है। इस मामले में अधिवक्ता को पत्र भेजकर आरोपों के पुष्टि के लिए साक्ष्य मांगा है। जिलाधिकारी की बैठक से अनुपस्थित रहने के बारे में उनका जवाब नहीं मिला है। जवाब न मिलने पर कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें:- संभल : ढाबे पर खड़ी थी रोडवेज बस, परिचालक को अचानक आया हार्ट अटैक, मौत
