नए साल में सहायिका व मिनी को मिलेगा तोहफा, बनेंगी आंगनबाड़ी कार्यकत्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शासन को भेजी गई सूची, जल्द आएगा नियुक्ति पत्र 

सुलतानपुर। नए साल बाल विकास परियोजना के कर्मचारियों को तोहफा लेकर आ रहा है। खाली चल रहे आंगनबाड़ी के पदों पर सहायिकाओं को उनकी योग्यता के आधार प्रमोट करने की कवायद चल रही है। वहीं, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सेवा व योग्यता के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता  बनाया जाएगा। शासन को भेजी गई पत्रावली पर मुहर लगते ही उन्हें यह लाभ दिया जाएगा। 

बताते चलें कि नौनिहालों के स्वास्थ्य के साथ शिक्षा के लिए बाल विकास परियोजना द्वारा जिले में 2,511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 2,111 कार्यकत्री व 400 मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा देखभाल की जा रही है। मौजूदा समय में 2,284 आंगनबाड़ी कार्यकत्री ही कार्यरत हैं। शेष पद रिक्त चल रहे हैं।

रिक्त पदों को भरने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा मौजूदा समय में विभाग में ही कार्यरत सहायिकाओं को ही उनकी योग्यता के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद पर चयन करने के लिए पत्र शासन को भेजा गया है। 

विभाग की मानें तो वर्तमान में जिले के 208 आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद रिक्त चल रहे हैं। जिन्हें 267 सहायिकाओं के माध्यम से उनकी योग्यता के आधार पर किया जाएगा। वहीं, जिले की 400 मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्री  को उनकी योग्यता, जनसंख्या आदि को देखते हुए उनको भी आंगनबाड़ी कार्यकत्री बनाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बताते चलें कि मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्री का चयन 250 से 500 की जनसंख्या पर बीते 10 से 12 वर्ष पूर्व हुआ था। मौजूदा समय में जनसंख्या वृद्धि के चलते उनका भी प्रमोशन हो रहा है।

विभाग द्वारा नए लोगों से भरा जाएगा रिक्त पद

208 सहायिकाओं को जब आंगनबाड़ी बना दिया जायेगा तो रिक्त हुए पदों को भी विभाग द्वारा भरा जायेगा। जिससे नए लोगों को भी नौकरी का अवसर मिल सकेगा।

प्रमोशन की सूची शासन को भेज दी गई है। अभी कुछ जिलों से सूची नहीं आई है। सूची आते ही नियुक्ति पत्र सौप दिया जायेगा।
                                                                                         - रवीश्वर राव, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी 

संबंधित समाचार