जन आरोग्य मेला : स्वास्थ्य केंद्रों की टटोली नब्ज तो बीमार मिली चिकित्सा व्यवस्था
सुभाष नगर केंद्र पर दो महीने से बंद हैं जांचें, एलटी का हो चुका है तबादला
बरेली, अमृत विचार। संसाधनों की कमी से स्वास्थ्य विभाग की सेहत खराब होती जा रही है। कम स्टाफ के कारण चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। जन आरोग्य मेला के दिन रविवार को शहर के स्वास्थ्य केंद्रों की नब्ज टटोली तो चिकित्सा व्यवस्था बीमार नजर आई। लैब जांच बंद तो कहीं स्टाफ की कमी मिली।
पूर्वाह्न 11 बजे मढ़ीनाथ के नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी कक्ष में डॉ. रुचि मरीज को परामर्श दे रही थीं। 50 मरीजों को इलाज दिया जा चुका था। स्टाफ ड्यूटी पर मौजूद मिला। डॉ. रूचि ने बताया कि केंद्र पर रविवार सोमवार और मंगलवार को स्टाफ नर्स नहीं होती हैं, क्योंकि यहां अन्य केंद्र से तीन दिन सेवाएं देने के लिए स्टाफ नर्स को अटैच किया गया है।
करीब 12 बजे सुभाष नगर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां केंद्र प्रभारी डाॅ. अंजली और डॉ. अंबुज ओपीडी में मरीज देख रहे थे। दोपहर तक 60 मरीजों को इलाज मिल चुका था। एएनएम, कोल्ड चेन प्रभारी समेत अन्य स्टाफ मौजूद था, लेकिन यहां दो माह से मरीजों की पैथोलॉजी जांच बंद है। दरअसल, लैब टेक्नीशियन का स्थानांतरण हो गया है। दूसरे एलटी की तैनाती अभी नहीं हुई है। हालांकि, इस संबंध में सीएमओ को पत्र भेजा जा चुका है।
दोपहर डेढ़ बजे पुलिस लाइन के नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. ड्यूटी पर मौजूद थीं। ओपीडी में 30 मरीजों को परामर्श दिया जा चुका था। स्टाफ ने बताया कि ठंड के कारण मरीजों की संख्या कम है, अन्य दिनों में 100 से अधिक मरीज ओपीडी में आते हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: इंदिरा नगर में पाइप लाइन बिछाने को 20 करोड़ मिले पर फंसा टेंडर का पेच
