बरेली: कार की टक्कर से पुल से नीचे गिरकर बाइक सवार की मौत
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर में आईवीआरआई रेलवे ओवरब्रिज पर गलत दिशा में तेज गति से आ रही अर्टिका कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज की थी कि बाइक सवार 10 फुट हवा में उछलकर पहले कार के बोनट और फिर पुल से नीचे केंद्रीय कारागार के गेट के सामने जाकर गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने कार चालक को पकड़ लिया और पीटकर इज्जतनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। कार पर जिला उपाध्यक्ष भाजपा लिखा है।
इज्जतनगर के रोड नंबर एक रामनगर कॉलाेनी निवासी 50 वर्षीय दुर्गेश चंद्र एसआरएमएस गुड लाइफ अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट के आपरेटर थे। उनकी पत्नी जयवंती ने बताया कि सोमवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे दुर्गेश ड्यूटी पर बाइक से जा रहे थे। आईवीआरआई पुल पर गलत दिशा से तेज गति से आ रही कार ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्गेश करीब 10 फुट उछले और कार के बोनट पर आकर गिरे। इसके बाद दुर्गेश उछलकर नीचे केंद्रीय कारागार गेट के सामने गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। सूचना पर इंस्पेक्टर इज्जतनगर जयशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और चालक को भीड़ से छुटाकर हिरासत में ले लिया। जयवंती ने बताया कि उनका बेटा तरुण सेना में है और उसकी तैनाती श्रीनगर में है। बेटी तरुणी पढ़ाई कर रही हैं। पिता की मौत की सूचना पर तरुण वहां से बरेली के लिए चल दिए हैं। दुर्गेश की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शराब के नशे में था ड्राइवर, गाड़ी में पड़ी थी मांस की पकौड़ी
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार ड्राइवर और उसके साथी नशे में थे। वे लोग बहेड़ी निवासी रिश्तेदार के यहां होने वाले धार्मिक आयोजन के कार्ड बांटने जा रहे थे। कार में कार्ड पड़े थे। वहीं पिछली सीट पर मुर्गे की पकौड़ी और शराब की खाली बोतल भी पड़ी थी। बताया कि कार पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष लिखा होने के कारण आरोपियों ने पहले भीड़ को नेतागीरी दिखाई, लेकिन जब भीड़ ने तेवर दिखाए तो आरोपियों के तेवर ठंडे पड़ गए। पुलिस ने ड्राइवर अरुण गंगवार को हिरासत में ले लिया है। वह गांधीपुरम थाना इज्जतनगर निवासी बताया जा रहा है। इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। दुर्गेश की पत्नी जयवंती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कार चालक को गिरफ्तार लिया गया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।- अनीता चौहान - सीओ थर्ड।
ये भी पढ़ें- बरेली: लोगों के घर पहुंच रहे राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पूजित अक्षत, 22 को घर-घर मनेगी दिवाली
