बहराइच: पुआल में दबा मिला अज्ञात वृद्ध, हड़कंप
सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टर ने घोषित किया मृत
मटेरा, बहराइच, अमृत विचार। जनपद के गौरा धनौली गांव में सोमवार शाम को एक 60 वर्षीय वृद्ध पुआल में घायल अवस्था में दबा मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। यहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा धनौली में सड़क किनारे एक ग्रामीण का पुआल लगा हुआ है। सोमवार शाम को लोग आवागमन कर रहे थे। तभी एक वृद्ध के चीखने की आवाज आई तो लोगों ने पुआल उठाकर देखा। जिसमें एक वृद्ध घायल अवस्था में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मटेरा थाने के प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने घायल को सीएचसी रिसिया पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक अज्ञात है। उसकी उम्र 60 वर्ष के आसपास है। उन्होंने बताया कि घायल पुआल के ढेर पर पड़ा था। वृद्ध ने ठंड से बचने के लिए उपाय किया था।
यह भी पढ़ें: गोंडा: खनन माफियाओं ने पत्रकार पर किया जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
