गोंडा: यह कैसा अस्पताल: डाक्टर न फार्मासिस्ट, स्टॉफ नर्स व चौकीदार बांट रहे दवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उमानाथ तिवारी/गोंडा, अमृत विचार। जिले के स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत देखनी है तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमलिया मिश्र चले जाइए। खुलेआम मरीजों के सेहत से किए जा रहे खिलवाड़ की यह तस्वीर आपको हैरान कर देगी‌। इस अस्पताल में न डॉक्टर है न फार्मासिस्ट। स्टाफ नर्स व चौकीदार मरीज को दवाई बांट रहे हैं।

मंगलवार को अमृत विचार टीम ने इस अस्पताल का रियालिटी चेक किया तो पता चला कि अस्पताल में तैनात डाक्टर व फार्मासिस्ट का तबादला हो चुका है। वार्ड ब्वाय की तैनाती सर्विस प्रोवाइडर एजेंसी से है लेकिन वह अस्पताल नहीं आता। ऐसे में बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल आने मरीजों को यहां से निराश होकर लौटना पड़ रहा है। 

002

सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिये प्रदेश के स्वास्थ्य महकमें की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक लगातार अस्पतालों का निरीक्षण भी कर रहे हैं लेकिन इसका असर अस्पतालों पर नहीं दिखाई पड़ रहा है। कहीं डाक्टर तो कही दवा को अभाव में मरीज अस्पतालों से वापस लौट रहे है। इसी तरह का एक अस्पताल जिले के इमिलिया मिश्र गांव में हैं जहां न तो डाक्टर हैं और न ही फार्मासिस्ट की तैनाती है।

मंगलवार को जब अमृत विचार ने इस अस्पताल का रियालिटी चेक किया तो यहां स्टाफ नर्स संविदा पर तैनात स्वीपर/चौकीदार को साथ दवा बांटता दिखाई पड़ा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमिलिया मिश्र के नाम से बने इस सरकारी अस्पताल में कहने को तो डाक्टर, फार्मासिस्ट, एएनएम, वार्ड ब्वाय, स्टाफ नर्स व स्वीपर/चौकीदार की तैनाती है लेकिन मंगलवार को अस्पताल में स्टाफ नर्स विनोद वर्मा व संविदा पर तैनात स्वीपर/ चौकीदार योगेश शुक्ला ही मौजूद मिले।

दवा वितरण काउंटर पर मरीजों की लाइन लगी थी और दोनो कर्मी काउंटर के भीतर से उन्हें दवा दे रहे थे। पूछने पर बताया कि डाक्टर आलोक चौधरी व फार्मासिस्ट अरुण कुमार शर्मा का दो महीने पहले तबादला हो चुका है‌। एएनएम व वार्ड ब्वाय के बारे में दोनों कर्मी कोई जानकारी नहीं दे सके।

अस्पताल में डाक्टर व फार्मासिस्ट की तैनाती न होने से मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। अस्पताल में दवा लेने गए राम दीन, कृष्णावती, विजय कुमार, सलाहुद्दीन व नाजिया बेगम ने बताया कि वह डाक्टर को दिखाने अस्पताल आए थे लेकिन डाक्टर साहब नहीं मिले। अब वह मुख्यालय पर जाकर डाक्टर को दिखायेंगे, इसके बाद दवा लेंगे। 

स्टाफ नर्स तैनाती भी उधारी पर 
 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमिलिया मिश्र में काम कर रहे स्टाफ नर्स विनोद वर्मा की तैनाती भी उधारी पर है। विनोद वर्मा ने बताया कि वह स्टाफ नर्स के पद पर तैनात हैं लेकिन उनकी तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजीदेवर में हैं। यहां डाक्टर के न होने के कारण उन्हें अटैच कर दिया गया है। डाक्टर व फार्मासिस्ट को न होने के कारण वह दवा बांट रहे हैं। 

पूरे जिले में डाक्टरों की कमी है। इसलिए समस्या आ रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमिलिया मिश्र की समस्या जानकारी में है। प्रयास है कि कम से कम एक फार्मासिस्ट की तैनाती हो जाए। जल्द ही फार्मासिस्ट की तैनाती की जायेगी...,डा. रश्मि वर्मा, सीएमओ।

यह भी पढ़ें:-स्कूली वैन में लगवाना होगा CCTV कैमरा, तीन महीने का मिला समय, सरकार के इस कदम की अभिभावकों ने की सराहना

संबंधित समाचार