सुलतानपुर: पंपों पर खत्म हो रहा पेट्रोल तो मंडी से सब्जियां गायब, केंद्र का नया कानून आम जनता पर पड़ रहा भारी
सुलतानपुर, अमृत विचार। केंद्र सरकार के नए कानून को लेकर सोमवार से ही चालकों ने चक्का जाम कर रखा है। वाहनों के आवागमन ठप होने से लोगों को सफर में मुसीबत आ रही है। वहीं, रोजमर्रा के सामान की आपूर्ति भी बाधित हो रही है। विभागीय कार्रवाई की डर से रोडवेज चालक बस लेकर डिपो से निकल तो रहे हैं, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही अन्य चालक बसों को खड़ी करा दे रहे हैं। जिससे बस में मौजूद यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को जब बस स्टेशन के हकीकत की पड़ताल की गई तो देखने को मिला की जो संविदा के चालक है, अधिकारियों की कार्यवाही की डर से बस तो लेकर डिपो से निकल रहे हैं, लेकिन डरे सहमे हैं। चालक इम्तियाज खान, अरुण सिंह, बब्लू आदि ने बताया कि रास्ते में अन्य चालक रोककर मारपीट कर रहे हैं। ऐसे में बस न चलाए तो नौकरी जाएगी, बस चलाते हैं तो अन्य चालकों की पिटाई का डर बना हुआ है।

रोजमर्रा के सामान की आपूर्ति बाधित
नए कानून के खिलाफ उतरे चालकों ने सोमवार की सुबह से ही चक्का जाम कर दिया है। जिस ट्रक पर जो भी सामान लदा है, उसी स्थान पर डंप पड़ा हुआ है। जिसके चलते पेट्रोल पंप पर पेट्रोल व डीजल समाप्त हो चुका। मंगलवार की सुबह पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डीजल के लिए लोगों ने लाइन लगा दिया था। आलम यह है कि अब पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डीजल समाप्त हो चुका है।
आवक न होने के चलते सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हो गई है। जिससे आम जनता को ज्यादा दाम देना पड़ रहा है। सुलतानपुर एलपीजी एसोसिएशन के सचिव विनोद राणा ने बताया कि एलपीजी सिलिंडर लेकर चले वाहन रास्ते में खड़े हैं। मंगलवार शाम तक एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति हो जाएगी। अगर गाड़ी नहीं आई तो बुधवार को एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति जिले में नहीं हो पाएगी।
असरोगा टोल प्लाजा पर चालको ने लगाया जाम
मंगलवार को जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के असरोगा टोल प्लाज़ा पर ट्रक चालकों ने गाड़ियां खड़ी कर जाम लगा दिया।जाम लगने से निजी वाहन सहित आपातकालीन सेवा के वाहन भी जाम में फंसे गए। जिससे आने जाने वालों को काफी परेशानी हुई।जाम की सूचना मिलते ही कुड़वार पुलिस मौके पर पहुची। प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने वाहन चालकों को समझा बुझाकर हाइवे पर लगे जाम को खुलवाया।
रोडवेज बस चालकों के साथ अन्य चालक कर रहे मारपीट
अधिकारियो के कार्यवाही से बचने व नौकरी बचाने के लिए कुछ रोड़वेज चालक डरे सहमे बस को लेकर गंतव्य की ओर निकल रहे हैं। लेकिन रास्ते में अन्य चालक इनकी पिटाई कर रहे हैं। मंगलवार की सुबह चांदा के पास रोड़वेज चालक इमरान की अन्य चालकों ने पिटाई कर दी। वही जिला मुख्यालय से बस लेकर निकले चालक को पयागीपुर में कुछ चालकों ने रोक लिया। जिससे जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया।
सुरक्षा की दृष्टि से बस स्टेशन पर तैनात है पुलिस
चालकों का हुजूम बस स्टेशन पर पहुंच अराजकता न करें इसके लिए पुलिस की तैनाती की गई है। साथ ही रास्तों में भी पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई है। फिर गाड़ी चलाने वाले चालकों में भय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें:-स्कूली वैन में लगवाना होगा CCTV कैमरा, तीन महीने का मिला समय, सरकार के इस कदम की अभिभावकों ने की सराहना
