गोंडा: महिला टीचर से प्रधानाध्यापक ने की गंदी बात, बीएसए ने किया निलंबित
सीडीओ के निर्देश पर करायी गयी जांच में आरोपों की हुई पुष्टि
गोंडा, अमृत विचार। तरबगंज शिक्षा क्षेत्र के एक प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक ने अपनी करतूत से न सिर्फ शिक्षा के मंदिर को दूषित किया है बल्कि समूचे महकमें को शर्मसार कर दिया है। प्रधानाध्यापक पर स्कूल की महिला शिक्षिका से गंदी बात करने का आरोप लगा है।
शिक्षिका का आरोप है कि प्रधानाध्यापक अक्सर उसे गलत तरीके से स्पर्श करता है और गंदी बात करता है। विरोध करने पर बदसलूकी करते हुए जान से मारने की धमकी देता है। पीड़ित शिक्षिका के शिकायत की जांच कराई गई तो आरोप सही पाए गए। सीडीओ के निर्देश पर बीएसए ने आरोपी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और दो सदस्यीय समिति का गठन कर घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा के मंदिर में अपने ही सहकर्मी के साथ छेड़खानी करने का यह मामला जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय धनौली का है। प्राथमिक विद्यालय धनौली में कृष्ण कुमार सिंह की प्रधानाध्यापक के पद पर तैनाती है। कृष्ण कुमार पर उनके विद्यालय में ही कार्यरत एक महिला शिक्षिका ने छेड़खानी करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित शिक्षिका का आरोप है कि प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार सिंह उसके साथ आए दिन गंदी बात करते हैं और गलत तरीके से स्पर्श करते हैं। वह उसे अपने पास बैठने को कहते हैं। जब उसने इसका विरोध किया तो प्रधानाध्यापक ने उससे बदसलूकी की और उसे जान से मार देने की धमकी दी।
पीड़ित शिक्षिका ने मुख्य विकास अधिकारी और बीएसए कार्यालय पहुंच कर इसकी शिकायत की थी और रोते हुए आपबीती बताई थी। इसके बाद सीडीओ एम अरुन्मौलि ने मामले की जांच का निर्देश दिया था। सीडीओ के निर्देश पर बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी मुजेहना हेमलता त्रिपाठी व तरबगंज बीईओ श्रवण कुमार तिवारी को मामले की जांच सौंपी थी। दो सदस्यीय कमेटी की जांच में महिला शिक्षिका को आरोप सही पाए गए।
जांच में प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार सिंह प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहकर स्कूल में मौजूद मिले। जांच टीम ने अन्य कर्मियों का बयान लिया जिसमें प्रधानाध्यापक के दूषित मानसिकता की पुष्टि हुई। जांच कमेटी ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन की संस्तुति की थी। कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय धनौली के प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में कृष्ण कुमार सिंह को प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए कटरा बाजार ब्लाक की बीईओ सीमा पांडेय व खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय ध्रुव कुमार जायसवाल को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
यह भी पढ़ें:-स्कूली वैन में लगवाना होगा CCTV कैमरा, तीन महीने का मिला समय, सरकार के इस कदम की अभिभावकों ने की सराहना
