बरेली: शिक्षक ने छात्र से किया कुकर्म, धमकाकर घर से मंगाए जेवर
पुलिस ने रिपोर्ट की दर्ज, शिक्षक को लिया हिरासत में
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र के एक निजी स्कूल के छात्र से शिक्षक ने कुकर्म किया और उसे डरा धमका कर घर से जेवर और नकदी मंगाई। शिक्षक ने किसी से बताने पर छात्र को जान से मारने की धमकी दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक आरबी कुमार और प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पिता के मुताबिक उनका बेटा पांचवीं कक्षा का छात्र है। उसके साथ स्कूल में शिक्षक आर बी कुमार आए दिन अश्लील हरकत करते थे। आरोप है कि इस बीच शिक्षक ने उसके साथ कुकर्म किया। साथ ही घर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पिता ने शिक्षक पर बेटे को जबरन शराब पिलाने का भी आरोप लगाया है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र से घर से नौ हजार रुपये मंगाए। इसके अलावा छात्र से मां की सोने की अंगूठी मंगवाकर एक ज्वैलर्स के यहां गिरवी रखकर 55 सौ रुपये लिए।
आरोप है कि शिक्षक तीन महीने से बच्चे को परेशान कर रहे थे। बच्चे ने पहले कुछ नहीं बताया लेकिन जब उसके फूफा ने बात की तो उन्हें जानकारी दी। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी शिक्षक को थाने बुलाकर पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि परिजन दो बार तहरीर बदल-बदल कर दिए हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: जिला महिला अस्पताल में ट्रांसफार्मर बॉक्स में आग से मची खलबली
