प्रयागराज: अमर गिरी को गिरफ्तार कर पेश करने का पुलिस को दिया आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। प्रयागराज के अल्लापुर स्थित बाघम्बरी मठ के महंत नरेंद्र गिरी की आत्महत्या के मामले में उनके शिष्य अमर गिरी को मंगलवार को अदालत में हाजिर होना था, लेकिन एक बार फिर निश्चित तिथि पर वह हाजिर नहीं हुए, जिससे मुकदमे में गवाही दर्ज नहीं की जा सकी। इस पर कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए अमर गिरी को गिरफ्तार कर पेश करने का पुलिस को आदेश दिया है।

उक्त आदेश अपर सत्र न्यायाधीश राम प्रताप सिंह राणा ने दिया है। गौरतलब है कि अभी तक इस मुकदमे की सुनवाई सत्र न्यायाधीश संतोष राय की अदालत में हो रही थी, लेकिन सत्र न्यायाधीश द्वारा मुकदमा स्थानांतरित करने के कारण अब इसकी सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश राम प्रताप सिंह राणा की कोर्ट में हो रही है। 

मुकदमे के पहले गवाह अमर गिरी के लगातार अनुपस्थित होने के कारण अभियोजन की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि पिछली कई तारीखों से अमर गिरी अदालत में प्रस्तुत नहीं हुए हैं जबकि पूर्व में कोर्ट ने उनके विरुद्ध वारंट भी जारी कर दिया था। इसके बाद सीबीआई द्वारा अमर गिरी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। 

उसके बाद वह गवाही देने के लिए कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। मालूम हो कि इस मुकदमे में अमर गिरी ही वादी हैं, लेकिन उनका पूरा बयान अभी तक दर्ज नहीं हुआ है। अतः उनके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई आगामी 18 जनवरी को सुनिश्चित कर दी है।

यह भी पढ़ें;-संतकबीर नगर: नगर पालिका अध्यक्ष ने अग्निकांड से प्रभावित लोगों से की मुलाकात

संबंधित समाचार