रामपुर : फरार चल रहे गो तस्कर को मुठभेड़ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती...तमंचा-बाइक और कारतूस बरामद
रामपुर,अमृत विचार। फरार चल रहे गौ तस्कर को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस को उसके पास एक तमंचा बाइक और कारतूस बरामद हुए है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के निर्देश पर अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। थाना सिविल लाइन पुलिस शान्ति व्यवस्था ड्यूटी में गश्त के दौरान सूचना मिली कि थाने से धारा 307 में वांछित चल रहा आरोपी भूरा उर्फ लंगड़ा पुत्र सैदा अली निवासी चमरौआ थाना शहजादनगर चौकी पनवड़िया क्षेत्र में फैजुल्लानगर से जुठिया रोड, आकाशवाणी बाउंड्री वाल के पीछे कच्चे रास्ते पर गोकशी जैसे अपराध कारित करने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची,तो सामने से एक मोटर साइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक को रोकने का इशारा किया तो बाइक सवार युवक ने बाइक को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। जिससे मोटर साइकिल फिसलकर गिर गई। बाइक सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया।
पुलिस टीम ने अपने को बचाते हुए आत्मरक्षार्थ में फायरिंग की। जिससे आरोपी भूरा उर्फ लंगड़ा के टांग में घुटने के नीचे गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस को उसके कब्जे से एक बाइक,एक तमंचा,एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी भूरा उर्फ लंगड़ा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: शीत लहर चलने से बढ़ी ठिठुरन, लुढ़का पारा
