अयोध्या: प्राण प्रतिष्ठा से पहले पेट्रोल पंपों पर मिलेंगी जनसुविधाएं, मंडलायुक्त ने दिया यह बड़ा निर्देश!
अयोध्या। अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा से पहले सब कुछ चकाचक करने की कवायद जोरों से चल रही है। इसी कड़ी में अब मंडल के पेट्रोल पंपों को आवश्यक निर्देश जारी किया गया है। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने साफ कह दिया कि सभी पेट्रोल पंपों पर मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए। ऐसा न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने मंडल के सभी जिला आपूर्ति अधिकारियों को प्राण प्रतिष्ठा के वृहद कार्यक्रम के दृष्टिगत अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेट्रोल व डीजल पंपों पर शासनादेश व मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइड लाइन्स 2005 के अनुसार अनिवार्य जन सुविधाओं को सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में देश-विदेश से अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन संभावित है। प्राय: भ्रमण के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया है कि किन्ही पेट्रोल पंपों पर अनिवार्य जनसुविधाएंं- जल, स्वच्छ प्रसाधन आदि सम्यक प्रकार से उपलब्ध नहीं है। उक्त के अतिरिक्त जहां उपलब्धता है वहां भी साफ-सफाई की स्थिति अच्छी नहीं है।
गौरव दयाल ने मंडल के सभी पूर्ति अधिकारियों को शासनादेश के अनुसार सभी पेट्रोल पंपों पर आवश्यक जन सुविधाओ की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने समस्त जिला पूर्ति अधिकारियों को 12 जनवरी तक अपनी आख्या निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: प्रिंस ने अविवि को नार्थ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिलाया पहला कांस्य पदक
