संतकबीर नगर: इंतजार करते रहे अधिकारी और नेता, नहीं आए डिप्टी सीएम, मायूस लौटे भाजपा कार्यकर्ता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के करमैनी में विकसित भारत संकल्प यात्रा और बेलौली में वरिष्ठ भाजपा नेता और बिहार व झारखंड प्रदेश के प्रभारी नागेंद्र के घर शोक सभा में शामिल होने के बाद दोपहर एक बजे जनपद मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले थे।
यहां डिप्टी सीएम पार्टी पदाधिकारियों के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श करने के बाद दो बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करने वाले थे। लेकिन लखनऊ में मौसम बेहद खराब हो जाने के चलते लगभग तीन घंटे देरी से दोपहर लगभग ढाई बजे के आसपास उनका हेलीकाप्टर करमैनी में लैंड हुआ।

यहां जनसभा को सम्बोधित करने के दौरान उन्होंने कहा कि आने में काफी विलम्ब हो जाने के चलते वे जनपद मुख्यालय के कार्यक्रमों में आज शामिल नहीं हो सकेंगे। उनके इतना कहते ही पार्टी कार्यालय पर मुलाकात की आस में पहुंचे कार्यकर्ताओं में निराशा छा गई।
नेताओं की होर्डिंगों से पट गया था जनपद मुख्यालय
डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह था। डिप्टी सीएम संतकबीरनगर में पार्टी कार्यालय पर पदाधिकारियों से पहली बार मिलने वाले थे। ऐसे में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में पार्टी कार्यालय को होर्डिंगों से पाट दिया था। 11 बजते बजते कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई थी। अपराह्न तीन बजे जैसे ही खबर मिली कि डिप्टी सीएम के आगमन का कार्यक्रम निरस्त हो गया है तो पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में निराशा छा गई।
कलेक्ट्रेट सभागार की खाली कुर्सियां करती रहीं इंतजार
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दोपहर दो बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करने वाले थे। दो बजे तक तमाम विभागों के अधिकारी सभागार कक्ष में पहुंच गए थे। सभागार में डिप्टी सीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के बैठने के लिए कुर्सियां लगा दी गई थीं। लेकिन इसी बीच लगभग तीन बजे सूचना मिली कि समयाभाव के चलते डिप्टी सीएम के आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है।
इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस लिया। तमाम अधिकारी तो समीक्षा बैठक निरस्त हो जाने को लेकर बेहद प्रसन्न दिखे। सूत्रों की मानें तो विभागीय अधिकारियों ने रात भर जाग कर अपने कागजात दुरुस्त करान थे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करते। ऐसे में अधिकारियों की सांसें अटकी हुई थीं कि अगर कोई कमी मिली तो जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई होनी तय है। लेकिन जैसे ही उनका आगमन निरस्त हुआ अधिकारियों ने काफी राहत महसूस किया।
यह भी पढ़ें:-स्क्रैप माफिया रवि काना की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी, पुलिस ने जब्त की करोड़ों की संपत्ति
