हिमाचल में खत्म हुई हड़ताल, शुरू होगी पेट्रोल-डीजल की सप्लाई
शिमला। हिट एंड रन केस के लिए नए कानून को लेकर सरकार और ट्रांसपोर्टरों में सुलह हो गई है। ऐसे में पिछले दो दिनों से पेट्रोल और डीजल की किल्लत झेल रहे हिमाचल प्रदेश वासियों को भी राहत मिलेगी। हिट एंड रन केस के लिए नए कानून को लेकर ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच हुई बातचीत सफल हुई है।ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने कहा है कि ट्रक ड्राइवर अपनी हड़ताल वापस लें और काम पर लौट आएं।
ट्रांसपोर्ट संगठन ने देशभर के ड्राइवरों से हड़ताल वापस लेने को कहा है। सरकार की तरफ से संगठन को आश्वसान दिया गया है कि फिलहाल कानून को लागू नहीं किया जाएगा और जब भी इसे लागू किया जाएगा तो संगठन से चर्चा की जाएगी।इसी के चलते अब हिमाचल प्रदेश में भी बुधवार से पेट्रोल और डीजल की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
उधर, शिमला सिटी प्राइवेट बस ड्राइवर व कंडक्टर यूनियन के महासचिव अखिल गुप्ता ने कहा कि पहले हड़ताल को लेकर यूनियन ने उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में यूनियन ने हिट एंड रन कानून के विरोध में बुधवार को बसें न चलाने का ऐलान किया था लेकिन अब समझौते के बाद हड़ताल वापस ले ली है, ऐसे में चालक-परिचालक अपनी सेवाएं देंगे व बसें चलती रहेंगी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली जा रहे विमान को तकनीकी खराबी के कारण लौटना पड़ा पटना हवाई अड्डा
