मुरादाबाद : कुवैत में चालक की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे 1.50 लाख
मुरादाबाद, अमृत विचार। कुवैत में चालक की नौकरी लगवाने के नाम पर जालसाजों ने युवक से 1.50 लाख रुपये ठग लिए हैं। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित मुशर्रफ ने आरोपी पर कार्रवाई के लिए एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी ने कार्रवाई के लिए कुंदरकी थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं।
पीड़ित मुशर्रफ (22) कुंदरकी का रहने वाला है। स्नातक के बाद भी वह बेरोजगार है। उसने एसएसपी हेमराज मीना को बताया कि करीब छह महीने पूर्व एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात भगतपुर निवासी युवक से हुई थी। उसने कुवैत और दुबई में कई बेरोजगार युवकों की नौकरी लगवाए जाने के बारे में उसे बताया था। आरोपी ने उससे नौकरी दिलाने के बदले 1.50 लाख रुपये मांगे थे जो उसने उसे दे दिए थे।
मुशर्रफ ने पुलिस को बताया है कि आरोपी ने कुवैत में 36,000 रुपये प्रति महीने की पगार पर वाहन चालक की नौकरी लगवाने की बात कही थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने उसे कुवैत नहीं भेजा और अब रुपये भी वापस नहीं दे रहा है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : कोहरे में ब्लैक स्पॉट बन रहे हादसों का मुख्य कारण, आठ में दो का ही हुआ मरम्मत का कार्य
