पीलीभीत: इजरायल जाने के इच्छुक तराई के 70 श्रमिकों ने कर दिया आवेदन, 35 का डाटा किया गया फीड
DEMO IMAGE
पीलीभीत, अमृत विचार: इजरायल जाने के लिए जिले से अब तक इच्छुक 70 पंजीकृत श्रमिकों ने श्रम विभाग में आवेदन किया है। आवेदन की अंतिम तिथि दस जनवरी तक निर्धारित की गई है।
इजरायल-हमास युद्ध के बीच इजरायल की कंस्ट्रक्शन से जुड़ी कंपनियों ने वहां की सरकार से एक लाख भारतीय श्रमिकों की भर्ती करने की अनुमति मांगी थी। जिसके बाद इजरायल ने भारत से श्रमिकों की मांग की है। केंद्र सरकार के निर्देश पर श्रम विभाग के जरिए इजरायल में काम करने के इच्छुक कामगारों से आवेदन मांगे गए हैं।
इसी क्रम में जिले से अब तक 70 पंजीकृत श्रमिकों ने आवेदन किए हैं। श्रम विभाग के मुताबिक आवेदन करने वाले इच्छुक श्रमिकों से पासपोर्ट समेत परिवार के सभी सदस्यों के नाम, पारिवारिक स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी की गई है। अभी तक 35 श्रमिकों द्वारा पूरी जानकारी देने के बाद उनका डाटा फीड किया जा चुका है।
शेष बचे आवेदनकर्ताओं ने शीघ्र जानकारी देने को कहा गया है। इस संबंध में श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने बताया कि आवेदन करने वाले 35 पंजीकृत श्रमिकों का डाटा फीड किया चुका है। आवेदन करने वाले शेष श्रमिकों से पूरा विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है। इन श्रमिकों को इजरायल में काम करने के एवज में 1.38 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन और 15 हजार रुपये प्रतिमाह बोनस और फंड देने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: लापरवाह शिक्षक पर गिरी गाज, बीएसए ने किया निलंबित, जानिए पूरा मामला
