बरेली: परिषदीय स्कूलों की 1.26 करोड़ से संवरेगी सूरत, प्रस्ताव पर शासन ने लगाई मुहर
प्राथमिक स्कूलों के लिए 55.24 और उच्च प्राथमिक के लिए 71.34 लाख की धनराशि स्वीकृत
बरेली, अमृत विचार: नए साल में बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों की सूरत बदलेगी। बीएसए की ओर से प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के पुर्ननिर्माण के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगा दी है। जिले में आठ स्कूलों का पुर्ननिर्माण कराया जाएगा, इसके लिए 50 फीसदी बजट भी आवंटित कर दिया गया है। प्राथमिक स्कूलों का पुर्ननिर्माण प्रति स्कूल 13.81 लाख और उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए प्रति स्कूल 23.78 लाख धनराशि के हिसाब से अभी 50 फीसदी धन आवंटित हुआ है।
पिछले साल जिले में स्कूलों के जर्जर भवनों को अभियान चला कर ध्वस्त कराया गया था, लेकिन चार प्राथमिक और तीन उच्च प्राथमिक स्कूलों की स्थिति अति जर्जर थी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इन स्कूल भवनों को पूर्णतया ध्वस्त करा दिया गया था।
चिह्नित किए गए प्राथमिक स्कूलों का 55.24 लाख और उच्च प्राथमिक स्कूलों का 71.34 लाख रुपये की लागत से पुर्ननिर्माण होगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कार्य एक से दो दिन में शुरू करा दिया जाएगा। अप्रैल से शुरू होने वाले शैक्षिक सत्र तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालय प्रबंध समिति कराएगी पुर्ननिर्माण
चिह्नित स्कूलों के निर्माण के लिए विद्यालय के प्रबंध समिति को जिम्मेदारी दी गई है। समिति के अध्यक्ष व सचिव कि सहमति पर संयुक्त रूप से निर्माण के लिए धन का उपयोग किया जाएगा। निर्माण कार्यों के लिए बीते दिनों विभाग की ओर से कार्यशाला का भी आयोजन कर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।
इन स्कूलों की संवरेगी सूरत
फतेहगंज का प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल, जोगी नवादा का उच्च प्राथमिक स्कूल, कांधरपुर का प्राथमिक, क्यारा ब्लॉक में गौतारा का प्राथमिक स्कूल, डौली रघुवर दयाल का प्राथमिक स्कूल
पुर्ननिर्माण के लिए शासन की ओर से आवंटित बजट का आधा जारी कर दिया गया है। विद्यालय प्रबंध समितियों को 2-3 दिन में पुर्ननिर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी सत्र की शुरुआत तक सभी स्कूलों का पुर्ननिर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा---अरविंद कुमार, जिला समन्वयक निर्माण।
यह भी पढ़ें- बलूचिस्तान में मानवता तार-तार, संयुक्त राष्ट्र क्यों खामोश: शहाबुद्दीन रजवीॉ
