प्रयागराज: माफिया अशरफ के साले जैद मास्टर के खिलाफ कसा शिकंजा, एक और एफआईआर दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। प्रयागराज में माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके गुर्गों के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है। अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले जैद मास्टर के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है। यह मुकदमा कालेज के अटेंडेंस रजिस्टर पर फर्जी तरीके से दस्तखत कराने के मामले में दर्ज किया गया है। पूरामुफ्ती थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। 

बता दें कि जैद मास्टर प्रयागराज के ही एमआर शेरवानी इंटर कॉलेज में इतिहास विषय के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत है। यह केस कॉलेज के प्रिंसिपल मोहम्मद याकूब ने शहर के पूरामुफ्ती थाने में दर्ज कराया है। एफआईआर के मुताबिक बहन जैनब फातिमा व अन्य के साथ मिलकर वक्फ प्रापर्टी हड़पने के मामले में दर्ज मुकदमे से पहले भी जैद मास्टर कालेज नहीं आता था।

जानकारी के मुताबिक जैद किसी से अटेंडेंस रजिस्टर में अपने फर्जी दस्तखत कराता था। जैद मास्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 419 और 420 के तहत केस दर्ज हुआ है।

18 नवंबर को भी जैद मास्टर और उसकी बहन जैनब समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ वक्फ प्रॉपर्टी हड़पने के मामले में केस दर्ज हुआ था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है। पुलिस की टीमें जैद मास्टर की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर के खिलाफ कर रहा था भड़काऊ पोस्ट, एटीएस ने किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार