अन्याय और भ्रष्टाचार से मुझे सख्त नफरत, जनता के प्रति संवेदनशील बने प्रशासन: मेनका गांधी
भगवान श्रीराम का आदर्श आज भी प्रासंगिकः विधायक
सुलतानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिले की सांसद मेनका संजय गांधी ने दौरे के तीसरे व अंतिम दिन गुरुवार को कूरेभार ब्लाक के लमकना दूबेपुर गांव में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर दर्शन के लिए व 22 जनवरी को घर-घर दिवाली मनाने के लिए पूजित अक्षत महिलाओं को वितरित किया।
इसके बाद जूनियर हाईस्कूल करवटे गांव में विकास विभाग की ओर से आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होकर फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण किया। जन चौपाल के दौरान आई 100 शिकायतों में सबसे अधिक शिकायतें विद्युत बिलों में त्रुटि, राशन कार्ड, आवास एवं राजस्व से संबंधित थीं।
नारायनपुर गांव के प्रेम नारायण पांडेय ने ड्रेन सफाई, धूधू में खेल मैदान व प्राइमरी स्कूल में बिजली व्यवस्था, खरसोमा की सुमन देवी ने किसान सम्मान निधि दिलाने, श्याम नारायण यादव सैदखानपुर ने वृद्धा पेंशन के लिए प्रार्थना पत्र दिया। यहां पर श्रीमती गांधी ने कहा मैं अन्याय व भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करती। प्रशासन लोगों को सरकार की मंशानुरूप त्वरित व पारदर्शी न्याय दिलाने में दिलचस्पी दिखाएं।
धनपतगंज ब्लॉक मुख्यालय पर सांसद ने विधायक विनोद सिंह की मौजूदगी में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत 300 लाभार्थियों को टूल किट एवं प्रमाणपत्र का वितरण किया। उन्होंने यहां पर जल जीवन मिशन के हर घर नल से जल देने की योजना में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने व पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों को तत्काल मरम्मत कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित किया।
इस मौके पर विधायक विनोद सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हजारों वर्ष पूर्व भगवान श्रीराम का आदर्श आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने जिस तरह से परिवार एवं सत्ता का परित्याग कर जरूरतमंदों के लिए संघर्ष कर उन्हें न्याय दिलाने का काम किया था, उसी प्रकार हमारी सरकार भी जरूरतमंदों के लिए काम कर रही है। कहा कि हमारी सरकार में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है, यही रामराज्य की परिकल्पना थी।
इसके पहले सांसद अमरबोझा गांव में पत्रकार चंद्रकांत पांडेय के पिता के निधन पर तथा चौहान का पुरवा निवासी राम सजीवन चौहान के बड़े भाई के निधन पर उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट कर ढांढस बंधाया। सांसद मेनका सड़क मार्ग से कूरेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होते हुए दिल्ली चली गईं।
इस दौरान प्रतिनिधि रणजीत कुमार, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत सिंह, मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी, जिपं सदस्य जफर खान, पन्ना लाल जायसवाल, संदीप पांडेय, संतोष सिंह, मनीष तिवारी, राघवेन्द्र श्रीवास्तव,रघुवीर सिंह, बबलू मिश्रा, संदीप तिवारी अनवर खान आदि रहे।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी और सीएम योगी लौटा लाए अयोध्या का प्राचीन वैभव: ब्रजेश पाठक
