इटावा : 75 लाख के माल समेत तीन गांजा तस्कर गिरफ्तार, ऐसे चलाया पुलिस ने ऑपरेशन
इटावा, अमृत विचार। उड़ीसा से 216 किलो गांजा ट्रक में छिपाकर दिल्ली ले जा रहे बाप बेटे सहित तीन गांजा तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये तस्कर कार के अडवांस्ड सिस्टम के जरिये पुलिस की लोकेशन भी ट्रेस कर रहे थे। पुलिस की तरफ से ट्रक, कार सहित कुल 75 लाख रुपये के माल की बरामदगी होना बताया गया है। तस्करों के गैंगलीडर व एक अन्य की तलाश शुरू की गई। इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम को 15 हजार का इनाम भी मिलेगा।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि सीओ सैफई नागेंद्र चौबे के नेतृत्व में थाना प्रभारी वैदपुरा समित चौधरी, एसओजी प्रभारी जयप्रकाश सिंह फोर्स के साथ इटावा मैनपुरी मार्ग पर छिमारा रोड पर बुधवार की रात एक बजे प्रभावी गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक की रेकी कर रही कार तथा ट्रक को रोका गया तो आरोपी भागे। जिन्हे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी लिए जाने पर ट्रक में छिपाया गया 216 किलो गांजा, और कार जब्त कर लिए गए। गिरफ्तार तस्कर जिला एटा के थाना निधौली क्षेत्र के गांव नगला सेवा बड़ा का वीरेश यादव तथा इसका बेटा सौरभ उर्फ गौरव व इसी जिला में कोतवाली देहात के गांव बढेरा का सचिन यादव बताये गए हैं। सचिन शातिर अपराधी है, इसपर लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज है। वीरेश ट्रक चलाता है जिसमें इसका साथी उड़ीसा तथा बिहार से लाकर दिल्ली व आसपास क्षेत्र में गांजा बेचते हैं। इनके नेटवर्क में दो और लोगों का खुलासा हुआ है जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें -मुरादाबाद : बैंक प्रबंधक के फर्जी हस्ताक्षर से लोन हड़पने वालों की संपत्ति कुर्क
