बहराइच: शटर तोड़कर सराफा की दुकान से लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवरात साथ ले गए चोर
बहराइच/विशेश्वरगंज, अमृत विचार। जिले के पुरैना बाजार में स्थित सराफा की दुकान में लगे शटर को चोरों ने रात में सरिया से तोड़ दिया। इसके बाद सोने और चांदी के जेवरात की चोरी की। सुबह पड़ोसियों की सूचना पर व्यापारी को चोरी की जानकारी हुई। इस पर उसने थाने में तहरीर दी है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के बस स्टॉप निवासी प्रेमचंद सोनी पुत्र भगवती प्रसाद की सराफा की दुकान पुरैना बाजार में संचालित है। घर से गांव की दूरी सात किलोमीटर पर है। प्रतिदिन की तरह गुरुवार रात को प्रेम चंद सोनी दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात को अज्ञात चोरों ने सराफा की दुकान का शटर सरिया से तोड़ दिया।
इसके बाद सभी ने दुकान में रखे अलमारी से सोने और चांदी के जेवरात चोरी की। सभी जेवरात लेकर चले गए। सुबह चोरी की जानकारी पड़ोस के लोगों ने थाने में दी। इस पर दुकानदार बदहवास हालत में मौके पर पहुंचा। उसने थाने में तहरीर देकर दो लाख से अधिक के चोरी की बात कही। थानाध्यक्ष सूरज कुमार राणा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जांच की है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जायेगा।
