रायबरेली: आलू से लदा ट्रक ओवरब्रिज से नीचे गिरा, एक की मौत, एक गंभीर
बछरावां/रायबरेली, अमृत विचार। लखनऊ से रायबरेली की तरफ आलू से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर लखनऊ प्रयागराज पर बने ओवरब्रिज से नीचे गिर पड़ा जिसके चलते मौके पर ही ट्रक के क्लीनर की मौत हो गयी व ड्राइवर की स्थित गंभीर बनी हुई है।
घटना शुक्रवार की सुबह की है लखनऊ की तरफ से आलू से भरा ट्रक संख्या UP36AT1429 आ रहा था लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज पर जैसे ही ट्रक चढ़ा बीच ब्रिज पर पहुँचने के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया वा दाहिने तऱफ की रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे गिर गया।
ओवरब्रिज से गिरने से ट्रक के परखच्चे उड़ गये। लोगों द्वारा मिली सूचना पर पहुंची एनएचआई की एम्बुलेंस द्वारा घायलों को बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां पर ट्रक के क्लीनर को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं ड्राइवर गया प्रसाद पुत्र जयपाल निवासी मुसाफिरखाना दतौली जिला सुल्तानपुर बुरी तरह से घायल हो गया घायल का प्रथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतक युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं मौके पर ट्रक के पीछे मोटरसाइकिल द्वारा आ रहे ग्राम कांनावां निवासी जुग्गन खान ने पूरी जानकारी देते हुए बताया कि घटना के समय वा ट्रक के पीछे ही थे बीच ओवरब्रिज पर ट्रक अचानक से अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे गिर पड़ा मैं फैक्ट्री जा रहा था घटना के बाद मेरी हिम्मत नहीं पड़ी। फिलहाल घटनास्थल पर मौजूद पुलिस द्वारा ट्रक के मलबे व आलू को साफ किया जा रहा है।
