लोकसभा चुनाव से पहले "भारत जोड़ो न्याय यात्रा" से राहुल गांधी भरेंगे हुंकार

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

फरवरी के दूसरे सप्ताह अमेठी में पहुंचेगी "भारत जोड़ो न्याय यात्रा"

लक्ष्मण प्रसाद वर्मा / अमेठी, अमृत विचार। मणिपुर के इंफाल से 14 जनवरी से शुरू होकर महाराष्ट्र तक जाने वाली कांग्रेस की "भारत जोड़ो न्याय यात्रा" लगभग 14 फरवरी तक उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से प्रवेश कर आगरा तक सूबे के 20 जिलों से होते हुए यह यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। इस दौरान यूपी में राहुल गांधी 1074 किलोमीटर का सफर तय कर विपक्ष पर निशाना साधते हुए नजर आएंगे।

यूपी में करीब 25 लोकसभा सीटों से होकर गुजरने वाली यह यात्रा, जिसमें चंदौली से होते हुए वाराणसी के रास्ते भदोही, फूलपुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली , लखनऊ, मोहनलालगंज, सीतापुर, लखीमपुर, धौरहरा, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, मथुरा, फतेहपुर सीकरी होते हुए आगरा के रास्ते राजस्थान में प्रवेश यह यात्रा प्रवेश करेगी। यूपी में अमेठी और रायबरेली संसदीय क्षेत्र कांग्रेस के लिए अहम सीट मानी जाती है। इन दोनों सीटों को कांग्रेस का गढ़ भी माना जाता है। अमेठी और रायबरेली में "भारत जोड़ो न्याय यात्रा" फरवरी के दूसरे सप्ताह में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। यात्रा के दौरान अमेठी और रायबरेली के मध्य रात्रि विश्राम करने की भी संभावना जताई जा रही है। इसकी तैयारी के लिए कांग्रेस परिवार पूरी तरह से जुट गया है। "भारत जोड़ो न्याय यात्रा" को अमेठी के लोग आशा भरी निगाहों से भी जोड़कर देख रही है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी समेत तमाम कांग्रेसी पैदल के साथ-साथ अलग-अलग माध्यमों का भी इस्तेमाल करेंगे। इसमें गाड़ियों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। राहुल गांधी अपने इस यात्रा के दौरान किसान, नौजवान, महिलाओं समेत अलग-अलग वर्गों के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनते हुए और उनको न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए नजर आएंगे। यात्रा को सफल सम्पन्न कराने के लिए महिला व युवा विंग को अहम जिम्मेदारी दी गई है।

पीएम के संसदीय क्षेत्र में बाबा काशी विश्वनाथ के दर पर टेकेंगे मत्था
कांग्रेस प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि अमेठी पहुंचने से पहले राहुल गांधी पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचने पर बाबा काशी विश्वनाथ के दर पर माथा टेकने जाएंगे। मिर्जापुर में राहुल मां विंध्यवासिनी देवी के मंदिर पहुंचकर माथा टेंकेंगे। राहुल गांधी अपनी इस यात्रा के दौरान तमाम मठ मंदिरों में जाते हुए नजर आएंगे।

न्याय की उम्मीद जगाएंगे राहुल गांधी
मीडिया प्रभारी व कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने संवाददाता से वार्ता के दौरान बताया कि इस यात्रा के दौरान लोगों में राहुल गांधी न्याय की उम्मीद जगाएंगे। अनिल सिंह ने कहा कि जिस तरीके से उत्तर प्रदेश में लोग अपने खिलाफ हो रहे अन्याय की आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। उन तमाम लोगों को न्याय की आस दिलाई जाएगी और उनके लिए कांग्रेस पार्टी लड़ेगी। लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर से राहुल गांधी देश की सड़कों पर उतरने वाले हैं। 14 जनवरी से राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की "भारत जोड़ों न्याय यात्रा" की शुरुआत होने वाली है। "भारत जोड़ो न्याय यात्रा" 20 मार्च को महाराष्ट्र में समाप्त होगी। राहुल गांधी इस यात्रा की शुरुआत इस बार मणिपुर से करेंगे लेकिन फोकस उत्तर प्रदेश पर ही रहेगा। लोक सभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में इस बार कांग्रेस के अहम चेहरों का जमघट लगने वाला है।


यात्रा को लेकर बोली भाजपा

9 - 2024-01-06T131459.290 

जब चुनाव आता है तो इन्हें अमेठी की जनता याद आती है, अन्याय करने वाले कौन सी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की बात कर रहे है, राहुल गांधी कोई भी यात्रा लेकर आएं इससे अमेठी वासियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, अमेठी की जनता अपना हित-अनहित सब जान चुकी है, राहुल गांधी को लोक सभा चुनाव हारे पांच साल बीत गए है, लोक सभा चुनाव सर पर आया तो अब फिर से अमेठी की जनता इन्हें याद आ रही है। -चंद्रमौली सिंह भाजपा प्रवक्ता


अमेठी की जनता के साथ हुआ अन्याय  

10 - 2024-01-06T131614.194
भारत जोड़ो न्याय यात्रा अमेठी में फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में पहुंचेगी, सरकार द्वारा किये गए अमेठी की जनता के साथ अन्याय को अब राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ लड़ेंगे, भारत जोड़ो न्याय यात्रा से राहुल गांधी अमेठी की जनता को सरकार की तानाशाही से रूबरू कराएंगे, भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अमेठी की जनता आशा भरी निगाहों से देख रही है। -अनिल सिंह कांग्रेस प्रवक्ता

ये भी पढ़ें -कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- PM हर जगह फोटो खिंचवाते हैं, लेकिन नहीं करते मणिपुर का दौरा

संबंधित समाचार