लखीमपुर खीरी: 1038 गरीब बेटियों की फिर कराई जाएंगी शादियां, इस दिन से बज सकती है शहनाई
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में इच्छुक लोग कराएं आनलाइन पंजीकरण
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंर्तगत वर्ष 2023-24 में अभी 1038 गरीब बेटियों की शादी कराई जानी हैं, जिसके लिए इच्छुक लोगों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा जनवरी के अंतिम सप्ताह में सामूहिक विवाह कराने की रूपरेखा तैयार की जा रही है, लेकिन अभी स्थान का चयन नहीं किया गया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में जनपद में कुल 2041 गरीब बेटियों की शादियां कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दिसंबर 2023 में समाज कल्याण विभाग द्वारा तीन अलग-अलग तिथियों में 1003 गरीब बेटियों की शादी कराई जा चुकी है, जिससे अभी 1038 गरीब बेटियों की शादी कराया जाना शेष है।
अधिकारियों के मुताबिक 15 जनवरी को खरमास समाप्त हो रहा है। इसके बाद बेटियों की सामूहिक शादियों के इच्छुक व्यक्ति आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि अभी शादियों की तिथि निर्धारित नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है यह शादियां जनवरी के अंतिम सप्ताह में आयोजित कराई जा सकती है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु कुमार ने बताया कि 1038 गरीब बेटियों की शादी कराने के लिए बजट उपलब्ध है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में तिथियां घोषित कर सामूहिक विवाह कार्यक्रम कराए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: नगर के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों में हाटकुक्ड बनाने की नहीं हो पाई शुरुआत
