बरेली: साई में 50 बेड का हॉस्टल बनकर तैयार, मार्च में होगा संचालन
फर्नीचर का चल रहा काम
बरेली, अमृत विचार। कैंट स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में संचालित भारतीय खेल प्राधिकरण सेंटर (साई) में 50 बेड हॉस्टल का निर्माण पूरा हो गया है। प्रबंधन ने मार्च में हॉस्टल का संचालन शुरू करने का दावा किया है। आगामी सत्र में प्रवेश शुरू होने पर खिलाड़ियों की संख्या में इजाफा होगा। वर्तमान में 55 खिलाड़ी यहां अभ्यास कर रहे हैं।
साई सेंटर प्रभारी एवं एथलेटिक कोच जेएस द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2017 से इस हॉस्टल का निर्माण चल रहा था। निर्माण पर करीब तीन करोड़ रुपये से अधिक के बजट को स्वीकृत किया गया था। बताया कि देश के तमाम साई सेंटर से खिलाड़ियों को स्थानांतरित किया जाता है, ऐसे में बरेली में खिलाड़ियों की सीटें बढ़ने से खिलाड़ी पहुंच सकते हैं।
वर्तमान में सेंटर में एथलेटिक के 17, हॉकी के 20, सेपक टाकरा के 18 खिलाड़ी हॉस्टल में रहकर अभ्यास कर रहे हैं। डे बोर्डिंग में भी एथलेटिक, हॉकी और सेपक टाकरा के कई खिलाड़ी सेंटर में अभ्यास करने पहुंच रहे हैं। वर्तमान में फर्नीचर का काम चल रहा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अगर फाल्ट हुआ तो बटन दबाते ही बंद हो जाएगी पूरे वार्ड की बिजली
