गोरखपुर में CM योगी ने किया जनता दर्शन, अधिकारियों से बोले - किसी भी दशा में न छोड़े जाएं कमजोरों को उजाड़ने वाले
गोरखपुर, अमृत विचार। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। जनता दर्शन में प्रदेश के कई जिलों से आये लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर सीएम योगी को अवगत कराया। जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए सीम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी दशा में न छोड़े जाएं। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देने और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने को संकल्पित है। जनता की समस्याओं का निराकरण सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार लोक कल्याण के लिए संकल्पित है।
मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद गए और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने इस दौरान करीब 200 लोगों से मुलाकात की। सबको आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सबकी समस्या का समाधान हरहाल में किया जाएगा। जनता दर्शन में कई महिलाएं जमीन से जुड़े विवादों में प्रार्थना पत्र लेकर पहुंची थीं। कुछ की समस्या घरेलू जमीन विवाद की थी तो कुछ की शिकायत थी कि दबंग उनकी जमीनों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ ने मारपीट के मामले में प्रभावी कार्रवाई की गुहार लगाई। जमीन कब्जा की शिकायतों पर सीएम ने कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन कब्जाने में पेशेवर प्रवृत्ति वालों को भू माफिया के रूप में चिन्हित कर सख्ती की जाए। किसी भी गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करें जो नजीर बने। उन्होंने कहा कि जमीनी विवादों का समाधान तत्परतापूर्वक इस तरह होना चाहिए जिससे पीड़ित व्यक्ति संतुष्ट दिखे। उन्होंने पुलिस से संबंधित अन्य मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पैसे की तंगी से किसी का भी इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि संबंधित मरीज के इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया को पूर्ण कर इसे जल्द से जल्द शासन को उपलब्ध कराया जाए। इस्टीमेट मिलते ही इलाज के लिए धन अवमुक्त हो जाएगा। जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाओं संग पहुंचे उनके बच्चों को मुख्यमंत्री ने प्यार-दुलार और आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट दिया। उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान एक बच्चे से उसकी पढ़ाई को लेकर उन्होंने हंसी-ठिठोली भी की।
सीएम योगी ने शनिवार रात तीन रैन बसेरों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जरूरतमन्द को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए।

सीएम योगी ने कहा कि प्रशासन इस कार्य को प्राथमिकता पर करते हुए यह सुनिश्चित करे कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कम्बल का इंतजाम हो। साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। अगर किसी के पास भोजन की व्यवस्था नहीं है, तो उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जाए। सीएम योगी ने रैन बसेरे में ठहरे लोगों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से जरूरतमन्दों को कम्बल व भोजन का वितरण भी किया।
ये भी पढ़ें -राजस्थान: डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने ली विभागों की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को कई बड़े निर्देश किए जारी
