Fatehpur: तीन बच्चों को जहर देकर फंदे पर लटकी महिला, मां और एक बच्चे की मौत, इसलिए की खुदकुशी...
फतेहपुर में एक महिला ने तीन बच्चों को जहर देकर खुदकुशी कर ली है।
फतेहपुर में एक महिला ने तीन बच्चों को जहर देकर खुदकुशी कर ली है। दो बच्चों ने जहर उगल दिया, जिससे उनकी जान बच गई।
फतेहपुर, अमृत विचार। भैंस बेचने की रकम के विवाद से ऊबकर रविवार सुबह महिला ने तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद फंदे पर लटक गई। दो बच्चों ने जहर उगल दिया, जिससे उनकी जान बच गई। एक की कानपुर लेकर जाते समय मौत हो गई। घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे। मायके और ससुरालीजनों के बीच पुलिस के सामने विवाद हो गया। दोनों पक्ष के बीच पथराव और मारपीट हुई।
औंग थाना क्षेत्र के हरचंदखेड़ा गांव निवासी विनोद घाटमपुर के पनेरूवा गांव में पीओपी का काम करता है। वह पांच जनवरी को घर आया था। उसने मां पचनी देवी की बिना इच्छा के भैंस बेंच दी थी। भैंस बेचने के रुपये पत्नी सरला (38) को दिए थे। इसी बात पर परिवार में विवाद हो रहा था। पति विनोद रविवार सुबह खेत चला गया था।
इधर, घर में सरला ने बेटे आदर्श (8), बेटी आनशी (10) और बेटे अंश (12) को गुड़ में मिलाकर जहरीला पदार्थ खिला दिया। वहीं, खुद किचन में साड़ी के फंदे से लटक गई। कुछ देर बाद बेटी आनशी और बेटे अंश ने कड़वाहट पर गुड़ उगल दिया।
छोटे भाई आदर्श की हालत बिगड़ी और मां को फंदे पर लटका देखकर बच्चों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन आदर्श को कानपुर लेकर रवाना हुए। रास्ते में ही आदर्श की मौत हो गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फील्ड यूनिट की टीम बुलाई। फील्ड यूनिट ने फंदे से शव को नीचे उतारा।
मायके व ससुरालियों के बीच हुआ विवाद
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ो ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मृतका के मायकेपक्ष से लोग पहुंचे और इसी दौरान उनका ससुरालीजनों से विवाद हो गया। पुलिस ने किसी तरह विवाद शांत कराया। सीओ सुशील दुबे ने बताया घटना की जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने बच्चों को जहर देकर जान दी है, जिसमें एक बच्चे की मौत हुई है।
शाम से चल रहा था विवाद
मृतका की बेटी आनशी ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम से घर में विवाद हो रहा था। मां ने भाई अंश से भैंस बांधने को बोला था, लेकिन अंश के न बांधने पर मां ने उसे पीट दिया था। इसी दौरान दादी ने उसे बचाने का प्रयास किया तो दादी के साथ भी मारपीट की। सुबह होते ही मां ने दो लोगों को फोन किया और उन्हें गुड़ में जहर मिलाकर दे दिया था और किचन में जाकर रस्सी से फांसी लगा ली थी।
