Fatehpur News: लाठी डंडों से पीटकर बुजुर्ग की हत्या, जांच में जुटी पुलिस...
फतेहपुर में बुजुर्ग की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई है।
फतेहपुर में प्रधानमंत्री आवास में अकेले रह रहे एक बुजुर्ग की शनिवार की रात बदमाशों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
फतेहपुर, अमृत विचार। गांव के बाहर बने प्रधानमंत्री आवास में अकेले रह रहे एक बुजुर्ग की शनिवार की रात बदमाशों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। सुबह हुई घटना की जानकारी पर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पुलिस ने कुछ संदिग्धों को उठाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बकेवर थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर गांव निवासी कल्लू पाल (65) पुत्र महंगू पाल को पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला था। परिजनों ने बताया कि उसने गांव के बाहर खेत में अपना आवास बनाया था, जहां वह अकेला रहता था। आवास के बाहर गुमटी रखकर पान मसाला बेचता था और उसी से भरण-पोषण करता था।
रविवार सुबह वहां से गुजरे ग्रामीणों ने देखा तो उसका लहूलुहान शव गुमटी के पास ही पड़ा था। वहीं खून से सना डंडा भी पड़ा था। ग्रामीणों की मानें तो बुजुर्ग के सिर, पैर, पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान हैं। वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि रात में अज्ञात लोगों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
यह भी पढ़ें- Fatehpur: तीन बच्चों को दिया जहर, फंदे पर लटकी महिला, इसलिए की खुदकुशी...
